लद्दाख से भाजपा सांसद जामयांग सेरिंग ने अनुच्छेद 370 को लेकर लोकसभा में जोरदार भाषण दिया। उनके भाषण पर सत्ता पक्ष ने खूब मेजें थपथपाईं। भाषण के दौरान सदन में कई बार ठहाके लगे। गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सेरिंग के संबोधन का मेज थपथपाकर स्वागत किया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने भी उनकी तारीफ की।
जामयांग सेरिंग ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने हम जैसे लोगों को देश प्रेम और देश के लिए मर-मिटने का जज्बा दिया। जामयांग ने कहा कि धारा 370 हटने से 2 परिवारों की रोजी-रोटी जरूर जाएगी लेकिन कश्मीर का भविष्य उज्जवल होने वाला है। करगिल वाले केंद्र शासित प्रदेश के पक्ष में हैं और वहां कोई विरोध नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर जामयांग सेरिंग की सराहना की है। पीएम मोदी ने कहा कि लद्दाख से भाजपा सांसद और मेरे युवा दोस्त ने जम्मू-कश्मीर बिलों पर बहुत बढ़िया भाषण दिया है। वह लद्दाख से हमारी बहनों और भाइयों की आकांक्षाओं को सुसंगत रूप से प्रस्तुत करते हैं। उनके भाषण को सुनना चाहिए।