कुमार विश्वास के आरोपों को लेकर भाजपा केजरीवाल पर हमलावर है। पंजाब के सीएम चरणजीत चन्नी ने भी गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखकर केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अमित शाह ने भी इसमें कोई लापरवाही न बरतने की बात कही है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल को लेकर कुमार विश्वास के दावे पर सियासी घमासान बढ़ता ही जा रहा है। इसे लेकर भाजपा केजरीवाल पर हमलावर है। पंजाब के सीएम चरणजीत चन्नी ने भी गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखकर केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अमित शाह ने इसमें कोई लापरवाही न बरतने की बात भी कही है।
विज्ञापन
इस बीच अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर के जरिए खुद पर आरोप लगाने वालों पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट किया, 'ये सारे भ्रष्टाचारी मिलकर मुझे आतंकवादी बोल रहे हैं। वो जिसे आतंकवादी कहते हैं, उसने आज 12,430 स्मार्ट क्लासरूम देश को समर्पित किए। यहां अब अफसरों, जजों, रिक्शे वाले और मजदूर के बच्चे एक ही डेस्क पर बैठ कर पढ़ेंगे। उनका आतंकवादी बाबा साहिब और भगत सिंह के सपने पूरे कर रहा है।'
इसके बाद भाजपा आईटी सेल के इंचार्ज अमित मालवीय ने उन पर हमला बोला। उन्होंने ट्वीट किया, 'जमात-उद-दावा भी स्कूल और अस्पताल चलाने की दलील देती है, पर उसका सरगना हाफिज मोहम्मद सईद आतंकी है। केजरीवाल कुमार विश्वास और गुल पनाग के बयानों और अलगाववादियों से अपने संबंधों पर जवाब दें। इतना ही तो कहना है कि आतंकी संगठनों और उनसे सहानुभूति रखने वालों से कोई सरोकार नहीं।'