आरएसएस की साप्ताहिक पत्रिका 'पांचजन्य' की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर संघ के संयुक्त महासचिव कृष्ण गोपाल ने एक कार्यक्रम में संघ की उपलब्धियां गिनाईं और देश हित के मुद्दों को हमेशा मुखरता के साथ उठाने के लिए पत्रिका की सराहना की।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संयुक्त महासचिव कृष्ण गोपाल ने शनिवार को कहा कि आरएसएस की राष्ट्रीय अखंडता और एकता की परियोजना लंबी दूरी तय कर चुकी है। उन्होंने आगे कहा कि इस एजेंडा का विरोध करने वाले हाशिए पर पहुंचा दिए गए हैं। इसके साथ ही राष्ट्र हित से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए संघ से जुड़े प्रकाशन पांचजन्य की भी उन्होंने सराहना की।
विज्ञापन
हिंदी साप्ताहिक पांचजन्य की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर एक वेबिनार को संबोधित करते हुए उन्होंने विभिन्न घटनाओं का उल्लेख किया जब पत्रिका ने जनता पर केंद्रित मुद्दे उठाए थे। गोपाल ने कहा कि चाहे 50 के दशक के अंत में और 60 के दशक की शुरुआत में चीन से बढ़ते खतरे का मामला हो या देश के अंदर नक्सलवाद की समस्या हो, पत्रिका हमेशा अग्रिम मोर्चे पर रही है।
'देश में राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करने में पांचजन्य ने अहम भूमिका निभाई'
गोपाल ने कहा कि इस पत्रिका ने जनता से संबंधित मुद्दों से जुड़े सवाल हमेशा सत्ता में मौजूद लोगों के सामने उठाए हैं। इस बात का उल्लेख करते हुए कि पांचजन्य पत्रिका ने देश में राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है, उन्होंने कहा कि भारत की अखंडता के बारे में किसी को कोई शक या संदेह नहीं होना चाहिए, क्योंकि हमारा आधार बहुत मजबूत है।
विज्ञापन
'लंबी दूरी तय कर चुका है राष्ट्रीय एकता और अखंडता का रथ, विरोधी हाशिए पर'
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अखंडता और एकता का रथ लंबी दूरी तय कर चुका है और जो लोग इसके विरोध में थे और इसके खिलाफ बात कर रहे थे उन लोगों को हाशिए पर पहुंचा दिया गया हैं। बदलते समय के साथ पांचजन्य पत्रिका ने नई प्रथाओं और तकनीकी को अपनाया है और इसके लिए इसने राष्ट्रवाद और जनता के हित के अपने लक्ष्य के साथ कोई समझौता नहीं किया है।