फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौसम अपडेट: इस बार फरवरी तक लोगों को परेशान करेंगी ठंड, कुछ दिनों में फिर दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश के आसार

Sat, 15 Jan 2022 08:16 PM IST
Harendra Chaudhary डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि ठंड का दौर सप्ताहांत तक जारी रहेगा। हालांकि अगले हफ्ते इसमें कमी आने के आसार हैं। इसके पीछे सक्रिय हो रहे तीन नए पश्चिमी विक्षोभ हैं। वैसे भारतीय मौसम विज्ञान विभाग अक्तूबर में ही कह चुका है कि इस बार ठंड फरवरी महीने तक रहेगी...
विज्ञापन
घना कोहरा - फोटो : अमर उजाला (फाइल फोटो)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पहाड़ों पर हिमपात के साथ मैदानी इलाकों में कड़ाके की सर्दी का कहर जारी है। बीते दो दिन से धूप न निकलने से कंपकंपी बढ़ गई है। राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड समेत समूचे उत्तर भारत में जनवरी की ठंड अपना रंग दिखा रही है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी और घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आसपास के हिस्सों में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है, जिसके चलते देश के उत्तर और मध्य भागों में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है।

विज्ञापन


मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहेगा और ठंड बढ़ेगी। दिल्ली में आज का न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। मध्यप्रदेश के कई जिलों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। आने वाले दिनों में सर्दी और बढ़ेगी।

18 और 19 को दिल्ली में फिर होगी बारिश

शुक्रवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। तापमान महज 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को भी दिनभर बादल छाए रहेंगे। अगले चार दिनों में राजधानी में मध्यम से घना कोहरा देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 16, 18 और 20 जनवरी को एक के बाद एक तीन नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। इनके असर से पहाड़ों पर बर्फबारी होगी, जबकि 19 और 20 के आसपास दिल्ली में भी हल्की बारिश हो सकती है। वहीं इसके बाद अगले हफ्ते से दिल्ली-एनसीआर में ठंड में कमी आने के आसार है।

फरवरी तक दिखेगा ठंड का असर

मौसम विभाग के मुताबिक, न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कमी के चलते दिल्ली और इससे सटे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के एनसीआर के शहरों में ठंड में इजाफा हुआ है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि ठंड का दौर सप्ताहांत तक जारी रहेगा। हालांकि अगले हफ्ते इसमें कमी आने के आसार हैं। इसके पीछे सक्रिय हो रहे तीन नए पश्चिमी विक्षोभ हैं। वैसे भारतीय मौसम विज्ञान विभाग अक्तूबर में ही कह चुका है कि इस बार ठंड फरवरी महीने तक रहेगी। खासकर दिल्ली और एनसीआर में इस बार जनवरी के अंत तक कोहरा भी लोगों को परेशान कर सकता है।

कई राज्यों में होगी फिर बारिश

स्काईमेट वेदर के अनुसार शनिवार को तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके अलावा जम्मू कश्मीर, मुजफ्फराबाद और लद्दाख में भी हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें