फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोझिकोड विमान हादसा: एएआईबी प्रमुख ने कहा जांच जारी, दुर्घटना के बारे में कुछ कहना जल्दबाजी होगी

Wed, 12 Aug 2020 07:38 PM IST
Rajeev Rai न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
कोझिकोड में दुर्घटनाग्रस्त एयर इंडिया एक्सप्रेस - फोटो : PTI
विज्ञापन

केरल के कोझिकोड में पिछले हफ्ते हुए विमान दुर्घटना की जांच अभी जारी है और हादसे के मुख्य कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस मामले में विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) के प्रमुख अरबिंदो हांडा ने मंगलवार को कहा कि एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान दुर्घटना की औपचारिक जांच के लिए साक्ष्य इकट्ठा किए जा रहे हैं और घटना के कारणों के बारे में अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।

विज्ञापन


दुर्घटना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा विमान (दुर्घटना एवं घटना की जांच) नियम 2017 तथा आईसीएओ अनुलग्नक 13 के तहत जांच की जा रही है। उन्होंने पीटीआई को मंगलवार रात को ईमेल के जरिए दिए गए साक्षात्कार में कहा, ‘चूंकि जांच का उद्देश्य दुर्घटनाओं और घटनाओं को रोकना है, इसलिए सभी कारणों की गहन जांच की जाएगी। दुर्घटना के कारणों के बारे में अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।’

अंतर्राष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (आईसीएओ) के अनुलग्नक 13 में विमान दुर्घटना और घटना की जांच पर अंतरराष्ट्रीय मानक और सुझाए गए तरीके शामिल हैं। दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान का डिजिटल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (डीएफडीआर) और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) पहले ही तलाश कर लिया गया है।
विज्ञापन


यह पूछे जाने पर कि प्रारंभिक रिपोर्ट सरकार को कब तक पेश किए जाने की उम्मीद है, हांडा ने कहा, ‘एयर इंडिया एक्सप्रेस बी-737 विमान वीटी-एएक्सएच की दुर्घटना के कारणों की औपचारिक जांच करने के लिए साक्ष्य इकट्ठा करने का कार्य प्रगति पर है।’

कोझिकोड हवाई अड्डे में एक ‘टेबल टॉप’ हवाई पट्टी है और भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण (एएआई) इसे संचालित करता है। यह पूछे जाने पर कि क्या इस बात की संभावना है कि प्रथम अधिकारी ने विमान का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया हो और पायलट अथवा हवाई यातायात नियंत्रक (एटीसी) की तरफ से किसी प्रकार की गलती के संकेत मिले हों ,हांडा ने कहा,‘यह जांच का हिस्सा है और इस चरण पर किसी भी प्रकार की बयानबाजी गैरजरूरी और गैरजिम्मेदाराना होगी।’

गौरतलब है कि दुबई से लौट रहा एयर इंडिया का यात्री विमान कोझिकोड हवाई अड्डे पर उतरते वक्त फिसल गया था और 35 फीट गहरी खाई में गिर गया था। इसकी वजह से विमान दो हिस्सों में बंट गया। विमान में कुल 190 लोग सवार थे, हादसे के बाद इसमें पायलट समेत 18 लोगों की मौत हुई और कई घायल हुए। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें