राजस्थान के कोटा में एक 17 साल की छात्रा को नशे की हालत में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छात्रा बिहार की रहने वाली है और कोटा में ऐंट्रेंस परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि हॉस्टल रूम रखे फर्नीचर से लड़की ने खुद को जख्मी भी किया है।
जख्मी हालत में छात्रा को हॉस्टल के साथियों ने अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के डॉक्टर का कहना है कि, 'छात्रा अत्यधिक तनाव में है।' पुलिस ने भी इस मामले पर ज्यादा तवज्जों नहीं दी है। कोटा के एसपी सवाई सिंह गोदारा ने कहा 'छात्रा अवसादग्रस्त है, ऐसी स्थिति नहीं है कि कोई केस दर्ज किया जाए। इस तरह के मामलों को अलग से नहीं देखा जाना चाहिए परीक्षा के दबाव की वजह से शारीरिक समस्याएं हो जाती हैं।'
कोटा के डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर रवी कुमार ने कहा है कि कोटा जिला प्रशासन ने कोटा के 100 हॉस्टलों में सुरक्षा का मुआइना किया है। हॉस्टलों की सुरक्षा की जांच कर रही टीमों ने पाया कि हॉस्टलों में सुरक्षा के बुनियादी मानदंडों को भी पूरा नहीं किया गया है। हमारी जांच टीम ने पाया कि आपात स्थिति में आग बुझाने के लिए ज्यादातर हॉस्टलों में अग्निशमनयंत्र और रेत की बाल्टियां नहीं हैं।
हाल ही में कोटा में एक छात्रा की छात्रों के अन्य समूह ने हत्या कर दी थी। इसके बाद जिला प्रशासन ने हॉस्टलों के मालिकों से कहा कि ध्यान रखें कोई छात्र हथियार तो नहीं रखता है। कोटा जिला प्रशासन ने हॉस्टल मालिकों को हिदायत दी है कि अगर किसी छात्रा के व्यवहार में संदेहजनक परिवर्तन देखें तो सूचित करें।