पेटा इंडिया ने इसे "भयावह क्रूरता" करार दिया और कहा कि उसकी टीम मामले पर काम कर रही है।मामले के तूल पकड़ने के बाद रेस्तरां ने बयान जारी कर जानवरों के खिलाफ क्रूरता के इस कृत्य में किसी भी भूमिका से इनकार किया।
कोलकाता के एक नाइटक्लब के परिसर में जंजीर से बंधे एक बंदर को पीटने का वीडियो वायरल हो रहा है। नाइटक्लब को इसके लिए पशु प्रेमियों और कार्यकर्ताओं की आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, नाइटक्लब टॉय रूम का कहना है कि बंदर को जंजीर में बांधने की घटना से उसका सीधा कोई लेनादेना नहीं है।
वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से साझा किया गया है, जिसमें कई यूजर्स कोलकाता पुलिस को भी टैग कर रहे थे और शहर के पॉश कैमक स्ट्रीट एरिया में स्थित नाइटक्लब टॉय रूम के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
नाइटक्लब ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा, यह उन सभी के लिए एक संदेश है, जो बंदर के वीडियो से नाराज/आहत/परेशान हैं। हम सूचित करना चाहते हैं कि टॉय रूम की बंदरों या मदारियों को रेस्तरां परिसर में बुलाने में कोई भूमिका नहीं थी।
नाइटक्लब ने कहा, बंदरों की देखभाल करने वाले मदारी क्लब में हमारे पास आए और हमने बहुत विनम्रता से उन्हें अंदर किसी भी तरह की गतिविधि करने से मना कर दिया। इसके बाद मदारी नाइटक्लब के मॉल के ग्राउंड फ्लोर पर चले गए और वहां तमाश दिखाना शुरू कर दिया। टॉय रूम ने जोर देकर कहा कि जानवरों को नुकसान नहीं पहुंचाया गया था और वे ग्राउंड फ्लोर पर मदारी के साथ थे।
नाइटक्लब ने आगे कहा कि हम सभी की तरह जानवरों की भी परवाह करते हैं और ऐसी गतिविधियां कभी नहीं करेंगे जिसमें उन्हें नुकसान पहुंचाया जाए या उन्हें पिंजरे में रखा जाए। अगर हमने अनजाने में किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है तो हम ईमानदारी से माफी मांगते हैं।