पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (फाइल)
- फोटो : एएनआई (फाइल)
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में 31 साल की डॉक्टर के साथ दरिंदगी का मामला लगातार सुर्खियों में है। ताजा घटनाक्रम में सीएम ममता बनर्जी ने कोलकाता में इंसाफ की मांग के साथ मार्च निकाला। उन्होंने कहा ़, 'हम चाहते हैं कि सच सामने आए, लेकिन लोगों को गुमराह करने के लिए झूठ फैलाया जा रहा है।' महिला डॉक्टर की मौत के खिलाफ प्रदर्शन पर ममता ने कहा, वामपंथियों और भाजपा के गठजोड़ का पर्दाफाश होना चाहिए।
फर्जी खबरें प्रसारित कर सच्चाई छिपाने का प्रयास
अस्पताल परिसर में महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर कोलकाता में शुरू हुए विरोध मार्च के मकसद पर ममता ने कहा, सोशल मीडिया पर फर्जी खबरें प्रसारित कर सच्चाई छिपाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इंसाफ दिलाने के मकसद से तत्काल जांच शुरू की और अब मामला सीबीआई के पास है। तृणमूल कांग्रेस सरकार लगातार इस जघन्य अपराध के दोषी को फांसी दिलाने की मांग कर रही है।
वीडियो में दिखे वाम दल और भाजपा कार्यकर्ता
ममता ने विपक्षी दल भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए और कहा, 'मुझे पता है कि सीपीएम और बीजेपी ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में तोड़फोड़ की...वे रात को 12-1 बजे के बीच वहां गए। घटना की वीडियो क्लिप में दिख रहा है कि सीपीएम ने डीवाईएफआई का झंडा पकड़ रखा है। बीजेपी सदस्यों के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज दिखा। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज का दुरुपयोग किया है। उन्हें सजा मिलनी चाहिए।
TMC ने बिना चुनाव जीते सरकार नहीं बनाई
सीएम ममता बनर्जी ने पूर्वोत्तर में हुई जातीय हिंसा की घटना का जिक्र कर सवाल किया, 'मणिपुर में जब हिंसा की घटना हुई तो बीजेपी और सीपीएम ने कितनी टीमें भेजीं?' भाजपा शासित राज्य- उत्तर प्रदेश का जिक्र कर ममता ने पूछा- हाथरस, उन्नाव में कितनी टीमें भेजी गईं?' उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि सीपीएम और बीजेपी मुझे धमकी न दें। ममता ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव लड़े बिना सरकार नहीं बनाई है।'
मुख्यमंत्री से पहले पुलिस आयुक्त का बयान
इससे पहले कोलकाता के पुलिस आयुक्त विनीत गोयल ने साफ किया कि पुलिस किसी को बचाने की कोशिश नहीं कर रही है। उन्होंने कहा, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद पुलिस को इस बात की आशंका नहीं थी कि बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात आरजी कर अस्पताल परिसर के बाहर प्रदर्शनकारी हिंसक हो जाएंगे। पुलिस आयुक्त ने कहा कि कोलकाता पुलिस सीबीआई जांच में पूरा सहयोग कर रही है. पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी समेत सभी साक्ष्य केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपे जा चुके हैं।