सुप्रीम कोर्ट के वकील उत्सव बैंस ने मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई पर लगे यौन शोषण के आरोपों के पीछे साजिश होने का दावा किया है। जिसके बाद सोमवार को सुप्रीम कोर्ट के तीन जजों की बेंच ने उन्हें नोटिस जारी किया। कोर्ट ने बैंस को दायर शपथपत्र में दावों को स्पष्ट करने को कहा है। जस्टिस अरुण मिश्रा, जस्टिस रोहिंटन फली नरीमन और जस्टिस दीपक मिश्रा इस मामले पर कल सुनवाई करेंगे।
बैंस ने अपनी जिस फेसबुक पोस्ट में साजिश की बात कही है, उसी में उन्होंने ये भी लिखा है कि वे आसाराम केस में पीड़िता के पक्ष में काम कर चुके हैं। उन्होंने अपनी इस पोस्ट में खुद के बारे में बताते हुए कहा है कि मुझे लोगों को ये बात बताने से पहले कई वरिष्ठ शुभचिंतकों ने रोका था। शुभचिंतकों ने मुझसे कहा था कि जिन जजों की लॉबी ने ये साजिश रची है, वो मेरे खिलाफ हो जाएगी और मुझे व्यावसायिक रूप से नुकसान पहुंचाएगी।