अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलिकॉप्टर सौदे में बिचौलिये क्रिश्चियन मिशेल को भारत ने यूएई से गिरफ्त में लिया है। उसे दिल्ली के कोर्ट में पेश करने के बाद पांच दिनों की पुलिस कस्टडी में भेजा गया। मिशेल मूल रूप से ब्रिटेन का रहने वाला है। यह मुद्दा साल 2012 के बाद से चर्चा में बना हुआ है और अब भारत में 2019 के लोकसभा चुनावों से पहले दोबारा चर्चा में आ गया है। इस मुद्दे का इस्तेमाल चुनावों के दौरान भी खूब किया जाएगा। मामले से गांधी परिवार का भी नाम जोड़ा जा रहा है। जिससे पार्टी के वोट बैंक पर प्रभाव पड़ना लाजमी है। चलिए आपको बताते हैं इस पूरे मामले के बारे में-
साल 1999 में शुरू हुआ मामला
इस मामले की शुरुआत साल 1999 में हुई थी। उस वक्त देश में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए की सरकार थी और अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री थे। तब एमआई-8 हेलिकॉप्टर के पुराने हो जाने पर भारत की वायु सेना ने वीवीआई लोगों के लिए नए हेलिकॉप्टर की जरूरत महसूस की। हेलिकॉप्टर को खरीदने से पहले कुछ शर्तें भी रखी गईं कि हेलिकॉप्टर कैसा होना चाहिए। उसमें क्या खासियतें होनी चाहिए।