पाकिस्तान के कोट लखपत जेल में 11 अप्रैल को रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाए गए भारतीय कैदी किरपाल सिंह का शव मंगलवार को भारत लाया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लाहौर के जिन्ना हॉस्पिटल में पाकिस्तानी डॉक्टर मंगलवार की सुबह उनके शव का पोस्टमॉर्टम करेंगे और उसके बाद भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों को इसे सौंप देंगे।
इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए उनके शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि किरपाल सिंह के परिवार के सदस्य 15 अप्रैल को गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मिले थे। सिंह ने उन्हें आश्वासन दिया था कि शव को भारत लाने के मामले में पूरी मदद की जाएगी। किरपाल सिंह 25 साल से अधिक समय से पाकिस्तान के जेल में कैद थे।