भाजपा नेता किरीट सोमैया ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी समेत अन्य को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने दावा किया है कि उन्हें शिवसेना कार्यकर्ताओं द्वारा हमले की आंशका है। उन्होंने राज्यपाल के साथ-साथ गृह सचिव संजय कुमार, पुलिस आयुक्त संजय बर्वे और विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस को भी पत्र लिखा है।
सोमैया ने कहा कि गौर किया जाए कि मैंने राकांपा और शिवसेना के भ्रष्ट नेताओं के कई घोटालों का पर्दाफाश किया है। उनमें से कुछ जेल में है और मुझे इन लोगों से डर है कि ये मुझ पर शारीरिक हमला करवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मैंने खतरे के बारे में सूचित करते हुए सबको पत्र भेजा है ताकि वह आवश्यक कदम उठा सकें। पत्र में उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर मिली धमकियों का स्क्रीनशॉट भी संलग्न किया है। सोमैया को शिवसेना कार्यकर्ताओं की नाराजगी का तब सामना करना पड़ा था जब 2017 के नगर निकाय चुनावों में उन्होंने बांद्रा के माफिया के बारे में बात की थी।