सांप पकड़ने को लेकर केरल में खासे चर्चित सर्पमित्र वावा सुरेश अभी जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। दरअसल सोमवार को कोट्टायम में वह एक किंग कोबरा को पकड़ने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान सांप ने उन्हें काट लिया। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, सुरेश कोट्टायम के कुरिचि में एक कोबरा को पकड़ने के लिए गए थे, वह कोशिश कर ही रहे थे कि तभी उनके दाहिने पैर में सांप ने काट लिया। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
असल में तीन दिन पहले मोहल्ले में दिखाई दिए सांप को पकड़ने के लिए वावा सुरेश को यहां बुलाया गया था। सुरेश का फिलहाल एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वावा सुरेश दो बार वेंटिलेटर पर रहे हैं और अब तक कई बार सांपों के काटने से बच चुके हैं।
चिकित्सकों के अनुसार, सुरेश की हालत गंभीर है, उन्हें वेंटिलेटर पर रखने के लिए कोट्टयम मेडिकल कॉलेज रेफर किया जाएगा। केरल सरकार में मंत्री वीएन वासवान ने बताया कि सुरेश के इलाज से संबंधित सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।