केरल के शॉर्ट फिल्म निर्माता राहुल पाषुपलन और उनकी पत्नी रश्मि नायर नवंबर 2014 में अचानक एक मुहिम चलाकर चर्चा में आ गए थे। दक्षिणपंथियों की मॉरल पुलिसिंग का पाठ पढ़ाए जाने के खिलाफ चलाई गई ये मुहिम थी "किस ऑफ लव"। जिसके बाद 2015 में सेक्स रैकेट में फंसने और अब जमानत मिलने के बाद दोनों फिर सुर्खियों में हैं।
सोशल मीडिया से शुरू हुई 'किस ऑफ लव' की मुहिम के दौरान देशभर के लोगों ने राहुल और रश्मि का साथ दिया था। 2 नवंबर 2014 को कोच्चि के मरीन ड्राइव पर लोगों से आकर मुहिम में हिस्सा लेने के लिए कहा गया। लोग हाथों में हाथ डाले सड़कों पर निकले, एक-दूसरे को किस किया। सार्वजनिक जगहों पर एक-दूसरे को गले लगाया।
हालांकि कई समूहों ने इस अभियान के खिलाफ भी विरोध प्रदर्शन किया। इस मुहिम के बाद दोनों को रातों रात शोहरत भी हासिल हुई। इस अभियान के बाद लॉ एन्ड ऑर्डर का हवाला देकर केरल पुलिस ने राहुल और रश्मि समेत 100 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। लाइव टीवी पर भी राहुल और रश्मि एक-दूसरे को किस करते रहे, यहां तक कि पुलिस वैन में भी।
ये जोड़ा देशभर के लिए सेंसेशन बन गया
किस ऑफ लव मुहिम
- फोटो : Getty Images
केरल के बाद ये जोड़ा देशभर के लिए एक सेंसेशन बन गया। कई राजनेताओं ने भी मोरल पुलिसिंग के खिलाफ जमकर बयानबाजी की। 15 मिनट की शोहरत के बाद पूरे एक साल तक रश्मि और राहुल के बारे में कुछ भी सुना नहीं गया।
अचानक एक साल बाद राहुल पाषुपलन (29) और उनकी पत्नी रश्मि नायर (27) को 18 नवंबर 2015 को कोच्चि से सेक्स रैकेट के मामले में गिरफ्तार कर लिया गय। पुलिस ने दावा किया कि दोनों नेदुंबसेरी हवाई अड्डे के नजदीक एक होटल में दलालों और कुछ अन्य के साथ पकड़े गए थे।
आईजी, क्राइम ब्रांच, एस श्रीजीत के मुताबिक इन दोनों के साथ दो नाबालिग लड़कियां थीं, वहीं दो महिलाएं वहां से भाग गईं। जोड़े का छह साल का एक बेटा भी है, जो कि उस वक्त उनके साथ था।
जमानत से हमें दूसरी जिंदगी मिली है
रश्मि और राहुल
- फोटो : FACEBOOK
पुलिस ने दोनों पर सेक्स रेकेट चलाने और फिल्म प्रोजेक्ट फ्लॉप होने के बाद से दोहरा जीवन जीने का आरोप लगाया। इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 366 A (नाबालिग लड़कियों की खरीद), 370 (1) (तस्करी और शोषण), 120 B (आपराधित षडयंत्र रचने) का केस दर्ज किया गया।
केरल हाईकोर्ट ने जोड़े को जमानत दे दी क्योंकि पुलिस 90 दिनों (तय समय) के भीतर मामले में फाइनल रिपोर्ट नहीं दाखिल कर सकी थी। रश्मि को अगस्त और राहुल को दिसंबर तक जेल में रखा गया। आखिर में कर्नाटक हाईकोर्ट ने फरवरी 2017 में दोनों को बच्चों के अवैध व्यापार के मामले में जमानत दे दी। दोनों किस ऑफ लव, सेक्स रैकेट और अब मिली जमानत के बाद अपनी जिंदगी को पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं।
रश्मि नायर कहती हैं कि हम बड़े आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। हमारी सारी संपत्ति बिक गई। हम दोनों अपनी जिंदगी को सही तरीके से गुजारने के लिए नौकरी की तलाश कर रहे हैं। रश्मि का कहना है कि वो चाहती है कि उनके पति राहुल सिनेमा के प्रति अपने जुनून को जारी रखें। राहुल ने अडयार फिल्म संस्थान से फिल्म मेकिंग में डिप्लोमा हासिल किया था। रश्मि आगे कहती हैं कि हमने पिछले 15 महीने बेहद तनाव में गुजारे। जमानत से हमें दूसरी जिंदगी मिली है।