केरल के एर्नाकुलम में रविवार सुबह एक कन्वेंशन सेंटर में भीषण ब्लास्ट हुआ। इसमें कम से दो लोगों की मौत की खबर है। वहीं, कई लोग घायल हैं। कलामसेरी पुलिस के मुताबिक, यह धमाका उस वक्त हुआ, जब कई लोग कन्वेंशन सेंटर में प्रार्थना सभा के लिए जुटे थे। पुलिस के मुताबिक, पहला धमाका सुबह 9 बजे के करीब हुआ। अगले कुछ मिनटों में एक के बाद एक ब्लास्ट हुए। बताया गया है कि घटना की जांच के लिए एनआईए की टीम केरल रवाना हो गई हैं, जबकि एनएसजी की टीम वहां पहुंच चुकी है।
#WATCH | Visuals from Ernakulam, Kerala where one person died, and several injured in an explosion at a Convention Centre in Kalamassery https://t.co/hir8k808v2 pic.twitter.com/305HuzA4gg
क्या बोले राजनीतिक चेहरे?
केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने घटना पर कहा- "यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। हम इस घटना से जुड़ी जानकारी इकट्ठा कर रहे हैं। सभी अधिकारी एर्नाकुलम में हैं। मैंने डीजीपी से बात की है और जांच को लेकर ज्यादा जानकारी जुटा रहा हूं।"
केरल के एर्नाकुलम में हुए विस्फोट पर केंद्रीय मंत्री वी. मुरलीधरन ने कहा, " इस घटना के संबंध में केंद्रीय एजेंसियों ने पहले ही जांच शुरू कर दी है। मुझे यकीन है कि वे घटना के विवरण तक जाएंगे और पता लगाएंगे कि इसके कारण क्या हैं और इस घटना के पीछे कौन हैं। मैं राज्य सरकार से अपील करना चाहूंगा कि घायलों को सभी प्रकार की चिकित्सा सहायता प्रदान की जाए। हम जांच के विवरण सामने आने का इंतजार करेंगे और फिर आगे की कार्रवाई करेंगे।"
केरल के विपक्ष के नेता और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वीडी सतीसन ने कहा, "मुझे बताया गया कि दो धमाके हुए और आग लग गई। सबसे पहले एक बड़ा धमाका हुआ। दूसरा छोटा धमाका था। एक महिला की मौत हो गई और 25 लोग अस्पताल में हैं। 25 में से 6 लोग ICU में हैं। लगभग 2,000 लोग उस समय (उपस्थित थे)..."
विजयन ने केंद्रीय मंत्री की सोशल मीडिया पोस्ट की आलोचना की
केरल के मुख्यमंत्री ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर की उनके सोशल मीडिया पोस्ट के लिए आलोचना करते हुए कहा कि यह उनके सांप्रदायिक रुख का हिस्सा है। चंद्रशेखर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कोच्चि के कमलश्शेरी में प्रार्थना गृह धमाके को लेकर विजयन की आलोचना की थी।
विजयन ने यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान चंद्रशेखर का नाम लिए बिना जानना चाहा कि किस जानकारी के आधार पर केंद्रीय मंत्री ने उनके खिलाफ ऐसी टिप्पणी की जबकि मामले की जांच चल रही है। उन्होंने सवाल किया कि एक जिम्मेदार पद पर बैठा व्यक्ति इस तरह के बयान कैसे दे सकता है।
स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने जारी किया बयान
केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा कि 52 लोग अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। कलामासेरी में 30 लोग भर्ती हैं, जिनमें से 18 आईसीयू में हैं और 6 गंभीर रूप से घायल हैं, उन 6 में से एक 12 साल का बच्चा भी है। बाकी सभी घायल दूसरे प्राइवेट अस्पतालों में हैं। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।