जालंधर के रोमन कैथोलिक चर्च के बिशप पर बलात्कार और अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने का आरोप लगाने वाली नन का बयान यहां की नजदीकी अदालत ने दर्ज किया है। सरकारी सूत्रों ने बताया कि चंगनस्सेरी के प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट अदालत ने बृहस्पतिवार को नन के बयान दर्ज किए।
मामले की जांच कर रही पुलिस ने सीआरपीसी की धारा-164 के तहत पीड़िता का बयान दर्ज करने के लिए अदालत में
याचिका डाली थी। सूत्रों ने बताया कि नन दोपहर दो बजे अदालत पहुंची थी। पुलिस शुरुआती जांच पूरी करने के बाद नन को अदालत ले गई थी।
बता दें कि जिला पुलिस प्रमुख को दी अपनी शिकायत में नन ने आरोप लगाया है कि जालंधर के
बिशप फ्रैंको मुलक्कल ने वर्ष 2014 और 2016 के बीच यहां एक छोटे शहर में उससे कई बार बलात्कार किया और अप्राकृतिक यौन संबंध बनाए।