केरल हाईकोर्ट ने अपने दो पूर्व व एक मौजूदा जज के खिलाफ न्यायिक कदाचार का आरोप लगाने वाली दो याचिकाओं पर सुनवाई को बरकरार रखने पर सवाल उठाया है। हाईकोर्ट ने कहा, अगर इस तरह की याचिकाओं को मंजूर किया जाएगा तो जज काम कैसे करेंगे। मराडू के फ्लैट गिराए जाने से जुड़े आदेश को लेकर याचिका में जजों पर सवाल उठाए गए थे।
जस्टिस पीबी सुरेश कुमार ने कहा, 'जज भी इंसान हैं, अगर हम इस तरह की याचिकाओं को स्वीकार करते रहेंगे तो जज फैसले कैसे सुना पाएंगे? हम अभी सिर्फ यह जांच रहे हैं कि इन याचिकाओं पर सुनवाई होनी चाहिए या नहीं। न्यायिक कदाचार पर अभी कोई चर्चा नहीं करेंगे।' कोर्ट अब छह सितंबर को इस मामले में अगली सुनवाई करेगा।