BJP Vs Siddaramaiah: कर्नाटक कैबिनेट से केएन राजन्ना के इस्तीफे के बाद भाजपा राज्य सरकार पर हमलावर है। विपक्ष की तरफ से सीएम सिद्धारमैया पर तंज भी कसा जा रहा है। वहीं सीएम सिद्धारमैया ने भाजपा के तंज पर पलटवार किया और उनके सवाल को उनकी कल्पना करार दिया है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मंगलवार को कहा कि वे पूर्व सहकारिता मंत्री केएन राजन्ना के राज्य कैबिनेट से हटाए जाने के फैसले से नाराज नहीं हैं। उन्होंने साफ कहा कि इस तरह की बातें सिर्फ विपक्ष की 'कल्पना' हैं।
भाजपा ने विधानसभा में सीएम पर कसा तंज
विधानसभा में चर्चा के दौरान भाजपा ने तंज कसते हुए कहा कि सीएम ने अपने 'सबसे करीबी समर्थक' को खो दिया है। भाजपा विधायक आर. अशोक ने कहा, 'राजन्ना आपके एकमात्र समर्थक थे। हमें पता है कि उनकी बर्खास्तगी से आप परेशान हैं।' इस पर सिद्धारमैया ने जवाब दिया, 'मैं नाराज नहीं हूं, यह सब आपकी कल्पना है।'
विज्ञापन
राजन्ना के बयान से बैकफुट पर कांग्रेस
केएन राजन्ना, जो सिद्धारमैया के करीबी माने जाते थे, को सहकारिता मंत्री के पद से हटाया गया था। उन्होंने बयान दिया था कि कर्नाटक सरकार चुनावी मतदाता सूची में फर्जी और डुप्लीकेट वोटरों के लिए जिम्मेदार है।
राहुल गांधी के लिए मुश्किल बना राजन्ना का बयान
यह बयान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लिए मुश्किल बन गया, जो लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं और 2024 चुनावों में भाजपा पर फर्जी वोटरों के सहारे सत्ता में आने का आरोप लगा रहे हैं। राहुल गांधी ने बंगलूरू सेंट्रल संसदीय क्षेत्र के महादेवपुरा विधानसभा सीट का उदाहरण भी दिया था। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, 'केएन राजन्ना का बयान, राहुल गांधी के प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के खिलाफ आरोपों को कमजोर कर गया।'
राजन्ना के समर्थकों ने निकाला मार्च
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक और सहकारिता मंत्री केएन राजन्ना के सरकार से निष्कासन को लेकर विरोध तेज हो गया है। मंगलवार को उनके निर्वाचन क्षेत्र तुमकुरु जिले के मधुगिरी में समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। समर्थकों ने अपने नेता के समर्थन में मार्च निकाला। वहीं शहर में जगह-जगह प्रदर्शन हुए। इसके अलावा राजन्ना के खास पार्षद गिरिजा मंजूनाथ ने मधुगिरी नगरपालिका से इस्तीफा दे दिया।