भाजपा विधायक ने महिला से किया दुर्व्यवहार
- फोटो : ANI
भाजपा विधायक अरविंद लिंबावली का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इमें वह एक महिला पर चिल्लाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह कथित रूप से महिला के साथ अभ्रद भाषा का प्रयोग करने के साथ दुर्व्यवहार भी कर रहे हैं। यह वीडियो तब का है जब भाजपा विधायक बेंगलुरू में जलजमाव के कारण शहर का निरीक्षण करने निकले थे।
महिला के हाथ से छीनते दिखे शिकायत पत्र
वीडियो में एक महिला के हाथ में पत्र है। वह भाजपा विधायक को किसी मुद्दे के बारे में बताना चाह रही है। तभी वह उससे नाराज हो जाते हैं। महिला के हाथ से पत्र छीनकर फाड़ देते हैं और उस पर जोर-जोर से चिल्लाने लगते हैं। इस दौरान वह अभद्र भाषा का भी प्रयोग करते हैं। बताया जा रहा है कि महिला ने भाजपा विधायक से जमीन हथियाने का आरोप लगाया था।
पुलिस हिरासत में महिला
इस वीडियो के बाद भाजपा विधायक वहां मौजूद पुलिस कर्मियों को महिला को हिरासत में लेने का निर्देश देते हैं, जिसके बाद एक महिला सिपाही महिला को पकड़ कर वहां से ले जाती है।
बेटी ने पुलिसकर्मियों से किया था दुर्व्यवहार
इससे पहले भाजपा विधायक अरविंद लिंबावली की बेटी का भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें वह पुलिस कर्मियों से बहस करती नजर आती हैं। वह अपने दोस्तों के साथ बीएमडब्ल्यू कार में सवार होकर कहीं जा रही थी। इस दौरान उसने रेड लाइट को नजरअंदाज किया और ट्रैफिक सिग्नल तोड़ते हुए आगे बढ़ गई। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उनका 10 हजार का चालान कर दिया था।
पीड़ित ने दी प्रतिक्रिया
रूथ सगई मैरी अमीला ने कहा कि दोपहर 3 बजे MLA लिंबावली ने हमारे घर आकर मेरे पति को गालियां दी और पुलिस से उन्हें ले जाने के लिए कहा। इसके बाद मेरे पति ने मुझे फोन किया। मैं MLA से बात करने गई लेकिन उनके PA ने मुझे रोका। उन्होंने अपने समर्थकों से मुझ पर हमला करने को कहा। उन्होंने कहा कि अब मेरे पति, बेटे और मेरे खिलाफ FIR दर्ज है। पुलिस ने 5 घंटे तक हमारी शिकायत नहीं ली। मैं इसे कानूनी रूप से लड़ूंगी। मैं एक सामाजिक कार्यकर्ता और कांग्रेस सदस्य हूं।