केरल की राजधानी तिरुवंतपुरम में शनिवार को दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की 30वीं बैठक का आयोजन किया गया। गृह मंत्रालय ने इस बैठक की जानकारी दी है। गृह मंत्रालय ने इस बाबत जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दक्षिण भारत के राज्यों से नदी जल बंटवारे के मुद्दे का संयुक्त समाधान तलाशने के लिए कहा है। इसके साथ ही उन्होंने तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से भी अपने आपसी विवादों को परस्पर वार्ता करके सुलझाने को कहा है।
इन राज्यों के सीएम और उपराज्यपाल रहे मौजूद
आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, 30वीं दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में दक्षिण भारतीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और उपराज्यपालों ने भाग लिया। इस बैठक में कुल 26 मुद्दों पर चर्चा हुई, जिनमें से नौ मुद्दों का समाधान किया गया और 17 मुद्दों को भविष्य में विचार के लिए सुरक्षित रखा गया। इन मुद्दों में से नौ मुद्दे आंध्र प्रदेश के पुनर्गठन से संबंधित हैं।
गृह मंत्री अमित शाह ने किया ये आग्रह
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में गृह मंत्रालय ने कहा कि बैठक में अपने संबोधन के दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से अपने लंबित मुद्दों को पारस्परिक रूप से हल करने का आग्रह किया। बैठक के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री ने दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद के सभी राज्यों से पानी के बंटवारे से जुड़े मुद्दों का संयुक्त समाधान तलाशने का आह्वान किया।। गौरतलब है कि दक्षिण में अंतर-राज्यीय नदी जल विवादों में तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच कावेरी मुद्दा और तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से जुड़े कृष्णा नदी जल बंटवारे के विवाद शामिल हैं।