कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 42 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है। राज्य की 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को मतदान होगा और परिणाम 13 मई को घोषित किए जाएंगे। कांग्रेस ने मेलुकोट विधानसभा सीट सर्वोदय कर्नाटक पार्टी के दर्शन पुत्तनैया को मैदान में उतारा है। पार्टी ने अब तक चुनाव के लिए 142 उम्मीदवारों के नाम तय किए हैं। इससे पहले 100 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की गई थी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बुधवार को हुई बैठक में उम्मीदवारों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, राज्य प्रमुख डीके शिवकुमार और राज्य के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला सहित कर्नाटक के शीर्ष पार्टी नेता मौजूद थे। कांग्रेस कर्नाटक में भाजपा से सत्ता छीनने की कोशिश कर रही है, जो एकमात्र दक्षिणी राज्य है जहां भगवा पार्टी सत्ता में है।
सूत्रों ने बताया कि कोलार विधानसभा क्षेत्र के लिए उम्मीदवारों के चयन पर निर्णय कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा। कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के दूसरी सीट, कोलार विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की उम्मीद है।
किच्छा सुदीप के चुनाव प्रचार से मिलेगी मदद: येदियुरप्पा
अभिनेता किच्छा सुदीप द्वारा चुनाव से पहले भाजपा के लिए प्रचार करने की घोषणा को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि इससे पार्टी को चुनावों में अधिक सीटें हासिल करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, यह हमारी पार्टी के लिए ज्यादा सीटें हासिल करने में मददगार होगा। बीएस येदियुरप्पा ने कहा, मैं उन्हें हमारा समर्थन करने के लिए बधाई देता हूं।
यह भी पढ़ें:
एके एंटनी के पुत्र अनिल एंटनी भाजपा में शामिल, कांग्रेस को बड़ा झटका
इस बीच, किच्छा सुदीप द्वारा मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई को अपना समर्थन देने की घोषणा के बाद शिवमोगा के एक वकील केपी श्रीपाल ने निर्वाचन आयोग (ईसीआई) से अभिनेता की फिल्मों, विज्ञापनों और अन्य शो का प्रसारण तत्काल प्रभाव से रोकने का आग्रह किया।
इससे पहले बुधवार को मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने कहा था कि कन्नड़ सुपरस्टार के अभियान से भगवा पार्टी को काफी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा, 'किच्छा सुदीप मशहूर सुपरस्टार हैं और हमारे लिए प्रचार करेंगे। हम जल्द ही उनके अभियान का खाका तैयार करेंगे। वह एक बहुत बड़े स्टार हैं, उनकी लोकप्रियता बहुत अधिक है और मेरा दृढ़ विश्वास है कि उनके प्रचार से भाजपा को बहुत ताकत मिलेगी।
कर्नाटक चुनाव से पहले सुदीप के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर विराम लगाते हुए कन्नड़ अभिनेता ने कहा था कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे लेकिन मुख्यमंत्री बोम्मई का समर्थन करेंगे। सुदीप ने कहा था कि बोम्मई के साथ उनका निजी रिश्ता है। जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) के वरिष्ठ नेताओं के भाजपा में शामिल होने के बारे में पूछे जाने पर सीएम बोम्मई ने कहा कि भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलेगा और वह सत्ता में वापस आएगी।
जद (एस) की दूसरी सूची को 7 अप्रैल को दिया जाएगा अंतिम रूप
जद (एस) नेता कुमारस्वामी ने आज कहा कि राज्य के विधानसभा चुनाव के लिए उनकी पार्टी के उम्मीदवारों की दूसरी सूची को सात अप्रैल को अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने हासन सीट मुद्दे को हल करने के बारे में भरोसा जताते हुए कहा कि कोई समस्या नहीं है।
उन्होंने कहा, पंचरत्न यात्रात्रे आज पेरियापटना के गांवों में लगभग 105 किलोमीटर की यात्रा करेगी। मैं वहां लगभग 90 गांवों का दौरा करूंगा, जब तक मैं वापस आऊंगा तब तक देर हो चुकी होगी। कुमारस्वामी ने कहा कि कल मेरे वापस आने के बाद हम सीटों को अंतिम रूप देंगे।
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, हासन सीट को शामिल करने पर फैसला करेंगे, कोई समस्या नहीं है। कुमारस्वामी ने पहले कहा था कि पार्टी गुरुवार तक दूसरी सूची जारी करेगी और उस सूची में हासन के उम्मीदवार का नाम होगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, दूसरी सूची में देरी मुख्य रूप से हासन टिकट से संबंधित मुद्दों के कारण हो रही थी।