कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया आत्मविश्वास से लबरेज हैं, उन्हें उम्मीद है कि वह इस चुनाव में 120 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेंगे। पिछले कुछ दिनों से जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जोड़ी कर्नाटक में चुनाव प्रचार में जुटी है, और प्रचार के आखिरी दिनों मे कांग्रेस पार्टी पर तीखे हमले किए हैं उससे कांग्रेस की मुश्किलें जरूर बढ़ी हैं। लेकिन मुख्यमंत्री इन हमलों का उसी ऊर्जा के साथ जम कर जवाब दे रहे हैं।
अंग्रेजी बिजनेस के एक अखबार को दिए इंटरव्यू में सिद्धारमैया ने जोश में कहा कि लोगों का कांग्रेस के प्रति रुझान बरकरार है। जनता देख रही है कि भारतीय जनता पार्टी ने पिछले चार सालों में न देश के लिए कुछ किया है और न ही राज्य के लिए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का और अनंत कुमार का कर्नाटक के लिए क्या योगदान है ? लोग बीजेपी को क्यों वोट देंगे?
आत्मविश्वास से भरे सीएम रमैया ने कहा कि हमने पिछले पांच साल के कार्यकाल में जनता से जितना भी वादा किया था सब पूरा किया है। उन्होंने कहा कि 2013 की तुलना में अब मुझे खुद पर और खुद के किए काम पर ज्यादा भरोसा है। मैं जानता हूं कि लोग कांग्रेस का साथ देंगे।