अभिनेता से नेता बने मक्कल निधि मैयम (एमएनएम) के मुखिया कमल हासन ने अगले साल होने वाले आम चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी है। हालांकि, हासन ने तमिलनाडु में चुनावों के दौरान दूसरी पार्टियों के साथ गठबंधन की संभावनाओं के सवाल पर कोई जवाब नहीं दिया।
अपनी नवगठित पार्टी को मजबूत करने के लिए हासन तमिलनाडु में लगातार दौरे कर रहे हैं। इसी के मद्देनजर पिछले दिनों उन्होंने चक्रवाती तूफान ‘गाजा’ के बाद राज्य के तटीय इलाकों में आई बाढ़ से प्रभावित इलाकों का दौरा किया था और लोगों से मुलाकात की थी।
तमिलनाडु में 20 सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनावों और 2019 में लोकसभा चुनावों में दूसरी पार्टियों के साथ गठबंधन के सवाल के जवाब में एमएनएम प्रमुख हासन ने कहा, ‘इस पर अभी कुछ भी कहना उचित नहीं है। ऐसी बातें मीडिया के सामने उजागर करना ठीक नहीं।
हम वही करेंगे जो जनता के लिए जो ठीक होगा।’ बताते चलें कि सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक के 18 बागी विधायकों की सदस्यता निरस्त होने और दो विधायकों के निधन की वजह से राज्य की 20 सीटों पर उपचुनाव होने हैं।