फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कैराना यात्रा पर अड़े संगीत सोम, हुकुम सिंह बोले- 'यहां आकर माहौल मत बिगाड़ो'

Fri, 17 Jun 2016 10:26 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, शामली
विज्ञापन
संगीत सोम - फोटो : getty
विज्ञापन
यूपी के कैराना पलायन प्रकरण को लेकर सरधना विधायक संगीत सोम की निर्भय यात्रा पर भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने ऐतराज जताया है। वह नहीं चाहते कि निर्भय यात्रा कैराना लाई जाए। उन्होंने कहा कि इस इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य से भी उनकी बात हुई है। वहीं, सरधना विधायक संगीत सोम ने निर्भय यात्रा पर रोक के संबंध में पार्टी से कोई निर्देश मिलने से इनकार किया है। उन्होंने क्षेत्र में यात्रा की सफलता के लिए जनसंपर्क किया और कहा कि यात्रा जरूर निकाली जाएगी। हालांकि, मेरठ जिला प्रशासन ने यात्रा तो दूर, लोगों के एकत्र होने तक पर रोक लगा दी है।
विज्ञापन


बृहस्पतिवार को सरधना से भाजपा विधायक ठाकुर संगीत सोम ने एलान किया कि वह पांच हजार समर्थकों के साथ निर्भय यात्रा लेकर शुक्रवार को कैराना जाएंगे। उनकी घोषणा से मेरठ से लेकर शामली और कैराना तक पुलिस-प्रशासन के साथ ही तमाम लोगों में बेचैनी बढ़ गई। इसे लेकर प्रशासन की ओर से मंथन चल ही रहा था कि कैराना के सांसद हुकुम सिंह ने संगीत सोम को यात्रा न निकालने की नसीहत दे डाली।

भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य और विधानमंडल दल के नेता सुरेश खन्ना से इस बारे में उनकी बातचीत हुई। उन्होंने दोनों ही नेताओं से कहा कि विधायक संगीत सोम को निर्भय यात्रा लेकर कैराना आने की जरूरत नहीं है। सांसद का कहना है कि एकाएक हजारों लोगों की भीड़ कैराना लाने से कोई अप्रिय घटना भी हो सकती है। जबकि, वह नहीं चाहते कि क्षेत्र में किसी भी वजह से माहौल खराब हो।
विज्ञापन
विज्ञापन

शामली से लखनऊ तक गर्माया मामला

हुकुम सिंह ने ही जारी की थी सूची - फोटो : ANI
संगीत सोम अपने समर्थकों के साथ दिनभर क्षेत्र में यात्रा की सफलता के लिए जनसंपर्क में जुटे रहे। देर शाम उन्होंने कहा कि न तो हुकुम सिंह के बयान की जानकारी है और न ही पार्टी से ऐसा कोई निर्देश मिला है। वह माहौल बिगाड़ना नहीं, बल्कि कानून के दायरे में रहकर जनता का दर्द उजागर करना चाहते हैं। संगीत की यात्रा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी शामली से लखनऊ तक मामला गरमाया रहा। प्रशासन ने सरधना में डेरा जमाए रखा। एसडीएम सरधना ने कहा कि क्षेत्र में धारा-144 लागू कर दी गई है। किसी तरह की भीड़ जुटने नहीं देंगे। हालात को देखते हुए सरधना की सभी सीमाएं सील कर दी गई हैं।

सरधना से कैराना तक निर्भय यात्रा का आयोजन पुलिस-प्रशासन के लिए सिरदर्द साबित होगा। कारण यह है कि शुक्रवार को जुमे की नमाज भी अदा की जाएगी। उसके लिए पुलिस-प्रशासन को सुरक्षा के खास इंतजाम करने होते हैं। निर्भय यात्रा निकलती है, तो पुलिस की टेंशन और बढ़ जाएगी। 

जिले में धारा-144 लगी हुई है। ऐसी स्थिति में किसी को भी कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ की इजाजत नहीं है। निर्भय यात्रा के नाम पर यदि माहौल बिगाडने की कोशिश की गई, तो कानून अपना काम करेगा। शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन कंपनी पीएसी और पुलिस तैनात है। -विजय भूषण, पुलिस अधीक्षक, शामली

जिलाधिकारी शामली ने भी यात्रा को सरधना में ही रोकने का अनुरोध किया है। इस पर निर्भय यात्रा के साथ सपा नेता अतुल प्रधान की सद्भावना यात्रा को आयोजित नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए बाहर से भी फोर्स मंगाकर पूरी तैयारी कर ली गयी है। -पंकज यादव, जिलाधिकारी मेरठ
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें