फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shibu Soren: 'सामाजिक न्याय के क्षेत्र की बड़ी क्षति', शिबू सोरेन के निधन पर बोलीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

Mon, 04 Aug 2025 03:04 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Shibu Soren Death Reactions News: शिबू सोरेन का निधन सोमवार को हो गया। इसकी जानकारी उनके बेटे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद 'एक्स' पर पोस्ट कर दी है। उन्होंने लिखा कि 'आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं। आज मैं शून्य हो गया हूं।'
विज्ञापन
शिबू सोरेन (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन का सोमवार सुबह निधन हो गया। दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में शिबू सोरेन ने आखिरी सांस ली। शिबू सोरेन के निधन पर विभिन्न नेता दुख जता रहे हैं और श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन के निधन पर दुख व्यक्ति किया और ट्वीट करते हुए लिखा, 'शिबू सोरेन एक जमीनी नेता थे, जिन्होंने जनता के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में तरक्की की। वे आदिवासी समुदायों, गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए खास तौर पर प्रतिबद्ध रहे। उनके निधन से दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी से बात की और संवेदना व्यक्त की। ओम शांति।'
विज्ञापन


शिबू सोरेन के निधन पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, 'शिबू सोरेन झारखंड ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर आदिवासियों की सबसे बुलंद आवाज, सबसे बड़ी पहचान और सर्वोच्च सम्मान के प्रतीक थे। झारखंड के सीएम के तौर पर हों या केंद्र में, उन्होंने हमेशा गरीबों, मजदूरों और खासकर आदिवासियों के अधिकारों की बात की। मुझे नहीं लगता कि उनसे बड़ा कोई (आदिवासी) चेहरा है। मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।'
 

प्रियंका गांधी ने भी जताया दुख

शिबू सोरेन के निधन पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि 'मैंने कल्पना जी (कल्पना सोरेन) को मैसेज किया है। यह हम सभी के लिए बहुत दुखद समाचार है। हम उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं, हमारी प्रार्थनाएं उनके साथ हैं।'
 

कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने शिबू सोरेन के निधन पर कहा, 'कुछ समय से उनकी (शिबू सोरेन) तबीयत बहुत नाजुक थी। आज बहुत दुख से यह खबर पढ़नी पढ़ी थी। आज हमारे नेता शिबू सोरेन जी हमारे बीच नहीं रहे। मेरी संवेदनाएं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके पूरे परिवार के साथ हैं। उन्होंने विभिन्न आदिवासी समाज के लोगों के लिए आवाज उठाई थी।'

राजनाथ सिंह ने भी शिबू सोरेन के निधन पर जताया दुख

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, 'झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के वरिष्ठतम नेताओं में से एक, शिबू सोरेन जी, झारखंड के उन कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे जिन्होंने जीवन भर समाज के कमजोर वर्गों, विशेषकर आदिवासी समुदाय के अधिकारों और सशक्तिकरण के लिए संघर्ष किया। वे हमेशा जमीन और जनता से जुड़े रहे। मेरा उनसे लंबा परिचय रहा। उनके निधन से मुझे गहरा दुख पहुंचा है। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति!'

बिहार में राजद नेता लालू प्रसाद यादव ने कहा, 'शिबू सोरेन का निधन हो गया है। वह दलितों और आदिवासियों के एक महान नेता थे और मेरे उनसे अच्छे संबंध थे। मुझे दुख है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। यह राजनीति के लिए बहुत बड़ी क्षति है।'
 


राजद नेता मनोज झा ने कहा, 'मैंने छात्र जीवन से शिबू सोरेन की राजनीति देखी है, उनके सरोकार देखे हैं, उनकी प्रतिबद्धता देखी है। उन्हें गुरुजी ऐसे ही नहीं कहा जाता, उनका निधन एक युग का अंत है।'
 

'शिबू सोरेन ने आदिवासियों के अधिकारों के लिए दशकों तक संघर्ष किया'

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने राज्य में आदिवासी समुदाय के अधिकारों और सशक्तिकरण के लिए दशकों तक संघर्ष किया। 81 वर्षीय सोरेन का लंबी बीमारी के बाद दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया।

X पर साझा एक पोस्ट में अमित शाह ने लिखा, सोरेन के निधन की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने झारखंड में आदिवासी समुदाय के अधिकारों और सशक्तिकरण के लिए दशकों तक संघर्ष किया। अपने सरल व्यक्तित्व और विनम्र स्वभाव से वे आम जनता से जुड़े रहे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल सोरेन परिवार और उनके प्रशंसकों व समर्थकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति, शांति, शांति।'

'शिबू सोरेन का निधन सामाजिक न्याय के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति'

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उनका निधन सामाजिक न्याय के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति है। राष्ट्रपति ने कहा कि सोरेन ने आदिवासी पहचान और झारखंड राज्य के गठन के लिए संघर्ष किया।

राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर साझा एक पोस्ट में कहा, 'शिबू सोरेन जी का निधन सामाजिक न्याय के क्षेत्र में एक बड़ी क्षति है। उन्होंने आदिवासी पहचान और झारखंड राज्य के गठन के लिए संघर्ष किया। जमीनी स्तर पर अपने काम के अलावा, सोरेन ने झारखंड के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सांसद के रूप में भी योगदान दिया।'

उन्होंने कहा, 'लोगों, विशेषकर आदिवासी समुदायों के कल्याण के लिए किए गए कामों से उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। मैं उनके पुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, परिवार के अन्य सदस्यों और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।'

'आदिवासियों की भलाई के लिए अपना जीवन समर्पित किया'

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि उनका जीवन वंचितों, आदिवासियों और मजदूरों की भलाई के लिए समर्पित था। सरमा ने एक्स पर पोस्ट किया, 'झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और माननीय राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन जी के निधन की खबर बेहद दुखद है।'
 

नवीन पटनायक ने जताया दुख

बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक ने सोमवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उन्हें आदिवासी और हाशिए पर पड़े लोगों के अधिकारों के लिए उनके समर्पित संघर्ष के लिए याद किया जाएगा।
 

'राजनेता के साथ समाज सुधारक भी रहे'

शिबू सोरेन के निधन पर झारखंड के नेता प्रतिपक्ष और राज्य भाजपा प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने कहा, 'शिबू सोरेन एक राजनेता के साथ-साथ समाज सुधारक भी रहे हैं। उनके सामाजिक जीवन का प्रारंभिक दौर, जिसमें उन्होंने महाजनों और शराब बंदी को लेकर आंदोलन किया और इसे लेकर उन्हें जबरदस्त समर्थन भी प्राप्त हुआ। लोगों के दिलों में भी उनका सफर शिबू सोरेन से लेकर गुरुजी तक का रहा है। आज वे हमारे बीच नहीं रहे। मैं परमात्मा से यही प्रार्थना करूंगा कि वे उन्हें शांति दें और अपने चरणों में जगह दें।'
विज्ञापन

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने शिबू सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने सोमवार को झामुमो संस्थापक शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की और झारखंड के गठन के लिए उनके संघर्ष और आदिवासियों की समस्याओं के समाधान के उनके प्रयासों की सराहना की। रेड्डी ने एक शोक संदेश में कहा कि सोरेन तेलंगाना राज्य की मांग के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदाय के लिए सोरेन की सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें