केंद्र सरकार के सभी प्रमुख फैसले नागपुर में आरएसएस मुख्यालय से हो रहे हैं। केंद्रीय विश्वविद्यालयों के कुलपति सरकार के इशारे पर छात्रों का उत्पीड़न कर रहे हैं। बीएचयू कुलपति को छात्रों की चिंता कम और आरएसएस की ज्यादा है। वह संघ की शाखा खुलवाने में लगे हुए हैं। यह आरोप है राज्यसभा में जदयू के उपनेता अली अनवर का। वह बुधवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से मुखातिब थे।
उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संघमुक्त भारत का आह्वान किया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हम जेएनयू के छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया के साथ हैं। कन्हैया हमारा ‘बेटा’ है।
अली अनवर ने कहा कि बीएचयू के छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मिलने आया था। छात्रों का कहना था कि कुलपति उनका उत्पीड़न कर रहे हैं। उन्हें लाइब्रेरी में पढ़ने नहीं दिया जाता। परेशान होकर बीएचयू से जुड़े तीन लोग आत्महत्या कर चुके हैं। बुनकरों के लिए मोदी जी ने कई घोषणाएं की हैं लेकिन किसी को मूर्त रूप नहीं दिया जा सका। आज तक एक स्थाई हज हाउस नहीं बनाया जा सका।