कहते हैं कि उम्र महज एक नंबर होता है, अगर आप चाहे तो 60 वर्ष की उम्र में भी वो कमाल कर सकते हैं जो आपने अपनी युवावस्था में किए होंगे। एक ऐसी ही मिसाल पेश की है जसमेर सिंह संधू ने। जसमेर सिंह संधू की एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
वीडियो वायरल होने के पीछे सबसे बड़ा कारण हैं जसमेर की उम्र। जसमेर सिंह संधू कुछ दिन पहले ही 62 साल के हुए हैं और इस दिन उन्होंने 62.4 किलोमीटर की लंबी दौड़ लगाई है, इस दौड़ को उन्होंने सात घंटे 32 मिनट में पूरा किया। जसमेर सिंह संधू ने अपने ट्विटर हैंडल से इसकी जानकारी दी।
जसमेर सिंह संधू या यूं कहें फ्लाइंग संधू ने अपनी वीडियो ट्वीट की है और कैप्शन दिया कि आज मैंने अपने जीवन के 62 साल पूरे कर लिए हैं और इस मौके पर 62.4 किलोमीटर की दौड़ पूरी की है। अभी भी अपनी उम्र से आगे। यहां वीडियों में देखिए जसमेर सिंह संधू की जांबाज दौ़ड़।
इसके अलावा जसमेर सिंह संधू ने एक स्क्रीनशॉट भी ट्वीट किया है, जिसमें दौड़ लगाई गई दूरी की जानकारी दी गई है।
जसमेर सिंह संधू ने 25 अगस्त को ये वीडियो अपने सोशल मीडिया पर साझा किया था, इस वीडियो को अब तक 5.3 लाख लोग देख चुके हैं। इसके अलावा इस वीडियो पर सैकड़ों प्रभावशाली कमेंट्स आ चुके हैं। सोशल मीडिया पर कुछ लोग उनकी इस वीडियो का काफी सराहना कर रहे हैं और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना कर रहे हैं।