सार
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने चार दिवसीय फ्रांस दौरे के दौरान कई अहम बैठके की। सबसे पहले तो उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ फ्रांस के समर्थन की सराहना की। फिर शनिवार को पेरिस में रणनीतिक मामलों से जुड़े विशेषज्ञों से मुलाकात की। साथ ही दोनों देशों ने रक्षा, तकनीक, शिक्षा व इंडो-पैसिफिक जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और रोडमैप लागू करने पर सहमति जताई।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को फ्रांस की अपनी चार दिवसीय यात्रा पूरी की। साथ ही पेरिस में रणनीतिक मामलों से जुड़े विशेषज्ञों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वैश्विक स्तर पर हो रहे संतुलन बदलाव, डेटा, तकनीक और ऊर्जा के बढ़ते महत्व पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत और यूरोप के बीच मजबूत साझेदारी की बड़ी संभावनाएं हैं। जयशंकर ने इस मुलाकात को सुखद अनुभव बताया और इसे दोनों पक्षों के बीच विचार-विमर्श और सहयोग को आगे बढ़ाने वाला बताया।
आतंकवाद पर समर्थन की सराहना की
अपने फ्रांस दौरे के दौरान जयशंकर ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के लिए फ्रांस के मजबूत समर्थन की सराहना की। इस दौरान उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरो से मुलाकात की। इन बैठकों में दोनों देशों के बीच भरोसे, सहयोग और साझा लक्ष्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
ये भी पढ़ें:- MEA: एस. जयशंकर और फ्रांसीसी विदेश मंत्री की मुलाकात; रक्षा, अंतरिक्ष और आतंकवाद के खिलाफ सहयोग बढ़ाने पर जोर
साथ ही इस यात्रा के दौरान भारत और फ्रांस ने ‘हॉराइजन 2047 रोडमैप’ और ‘डिफेंस इंडस्ट्रियल रोडमैप’ को पूरी तरह लागू करने पर सहमति जताई। इन योजनाओं के जरिए रक्षा, सुरक्षा, अंतरिक्ष और आतंकवाद के खिलाफ सहयोग को मजबूत किया जाएगा।
बैठक के दौरान इन मुद्दों पर जोर
दोनोें पक्षों ने तकनीक, नवाचार, व्यापार, स्वास्थ्य, शिक्षा, निवेश, जीवन विज्ञान, संग्रहालय सहयोग और लोगों के बीच संबंधों जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग की प्रगति पर संतोष जताया। उन्होंने इंडो-पैसिफिक क्षेत्र सहित वैश्विक मुद्दों पर फ्रांसीसी नेतृत्व के साथ विचार साझा किए और भारत-फ्रांस के दृष्टिकोण में समानता पर बल दिया।
पेरिस की राष्ट्रीय पुस्तकालय का भी किया दौरा
जयशंकर ने पेरिस में फ्रांस की राष्ट्रीय पुस्तकालय का दौरा कर वहां मौजूद भारतीय पांडुलिपियों का अवलोकन किया और सांस्कृतिक विरासत संरक्षण में सहयोग बढ़ाने पर बातचीत की। इसके साथ ही उन्होंने मार्से में आयोजित पहले 'मेडिटेरेनियन रईसिना डायलॉग' में हिस्सा लिया और वैश्विक भू-राजनीतिक मुद्दों पर विचार साझा किए।
ये भी पढ़ें:- FTA: भारत-ईयू व्यापार समझौते में प्रगति, विदेश नीति पर जयशंकर ने कही यह बात