विदेश मंत्री एस. जयशंकर शुक्रवार से ग्रीस व इटली के महत्वपूर्ण दौरे पर जा रहे हैं। विदेश सचिव अरिंदम बागची ने बृहस्पतिवार को उनके दौरे व विदेश मामलों से संबंधित विषयों पर पत्रकारों से जानकारी साझा की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बागची ने बताया कि ग्रीस में विदेश मंत्री अपने समकक्ष के साथ 25 व 26 जून को बातचीत करेंगे। ग्रीस से विदेश मंत्री इटली रवाना होंगे। वहां वे जी-20 मंत्रिस्तरीय बैठक में शामिल होंगे।
बागची ने कहा कि पाकिस्तान के साथ भारत सामान्य संबंध रखना चाहता है। यह उस पर निर्भर करता है कि वह अपने अधीन किसी भी क्षेत्र का सीमापार आतंकवाद के लिए इस्तेमाल नहीं होने देने के लिए 'विश्वसनीय, पुष्टि करने योग्य और अपरिवर्तनीय' कदम उठाने सहित उपयुक्त माहौल बनाए। बागची ने साप्ताहिक प्रेस वार्ता में संवाददाताओं से कहा कि हम पाकिस्तान सहित सभी पड़ोसियों के साथ सामान्य संबंध चाहते हैं।
भारत बायोटेक मामले में नजर
बागची ने कहा कि हम भारत बॉयोटेक के वैक्सीन को विश्व स्वास्थ्य संगठन से आपात इस्तेमाल की इजाजत से जुड़े घटनाक्रम पर सतत नजर रखे हुए हैं। बता दें, कोवाक्सिन को लेकर डब्ल्यूएचओ को कुछ आपत्तियां हैं। इसलिए इसके वैश्विक इस्तेमाल की मंजूरी को लेकर प्रक्रिया लंबित है।
एससीओ बैठक में प्रोटोकॉल को मंजूरी
ताजिकिस्तान के दुशान्बे में हुई एससीओ की एनएसए स्तरीय बैठक के बारे में बागची ने कहा कि इसमें प्रोटोकॉल दस्तावेज को मंजूरी दी गई है। परंपरा के अनुसार एससीओ का सचिवालय इसे दस्तावेज को सार्वजनिक करेगा। यह संगठन की वेबसाइट पर किसी वक्त जारी हो सकता है। एससीओ की एनएसए बैठक में अंतरराष्ट्रीय व क्षेत्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर चर्चा हुई। इसमें आतंकवाद, उग्रवाद, कट्टरपंथ, मादक पदार्थों की तस्करी रोकने को लेकर बातचीत हुई।
दूसरे देश भी जल्द देंगे यात्रा की इजाजत
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बागची ने कहा कि हमारे देश में कोविड की स्थिति सुधर गई है, इसलिए उम्मीद है कि अन्य देश भी जल्द भी भारत से आवाजाही की इजाजत देंगे। इस बारे में कुछ देशों ने कदम उठाए हैं। हम इसे मुद्दे को प्राथमिकता देते रहेंगे।
ईरान के नए राष्ट्रपति को दी बधाई
ईरान के साथ भारत के संबंधों को लेकर बागची ने कहा कि हमने कुछ सकारात्मक भावनाएं देखी हैं। हम देखेंगे कि कैसे इनमें प्रगति होती है। हमारे नेतृत्व की ओर से ईरान के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति को बधाई संदेश भेजे गए हैं।
जम्मू कश्मीर आंतरिक मामला
यह पूछे जाने पर कि ऐसी खबरें आईं, जिनमें पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कश्मीर मुद्दा सुलझने पर परमाणु प्रतिरोध की जरूरत नहीं होने की बात कही है, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि जहां तक जम्मू कश्मीर का सवाल है, यह भारत का आंतरिक मामला है। अफगानिस्तान में भारत की भूमिका पर पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी की टिप्पणी के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हमने मीडिया में ऐसी खबरें देखी हैं। हमारा मानना है कि अफगानिस्तान के लोगों को अपने सहयोगी और उसके आकार के बारे में निर्णय करना है। भारत ने अफगानिस्तान में बिजली, बांध, स्कूल, सामुदायिक परियोजनाएं आदि बनाने का काम किया है । बागची ने कहा कि दुनिया जानती है कि पाकिस्तान, अफगानिस्तान में क्या लाया है।