पीडब्ल्यूडी मंत्री मोहम्मद रियास और वीणा विजयन
- फोटो : social media
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के नेता अब्दुर्रहमान कल्लायी ने केरल के पीडब्ल्यूडी मंत्री मोहम्मद रियास की केरल के सीएम पिनराई विजयन की बेटी वीणा विजयन से शादी को 'नाजायज' बताया था लेकिन अब उन्होंने अपने बयान पर माफी मांगी है। अब्दुर्रहमान कल्लायी ने कहा, 'मेरा किसी को व्यक्तिगत या परिवार के आधार पर चोट पहुंचाने का इरादा नहीं था। मैं व्यक्तिगत जीवन पर धार्मिक दृष्टिकोण की बात कर रहा था। मैं इस घटना पर भी खेद व्यक्त करता हूं।'
इससे पहले आईयूएमएल ने नेता ने लोक निर्माण विभाग के मंत्री मोहम्मद रियास के खिलाफ टिप्पणी करते हुए कहा था, 'आध्यात्मिकता मुस्लिम समुदाय का मूल सिद्धांत है और सच्चे मुसलमान वे हैं जो मुस्लिम धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन करते हैं।' बता दें कि कल्लायी ने बीते गुरुवार को एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए पीडब्ल्यूडी मंत्री मोहम्मद रियास और उनकी पत्नी वीणा विजयन के खिलाफ गलत टिप्पणी की थी। उन्होंने अपने भाषण में लोक निर्माण विभाग के मंत्री पर टिप्पणी करते हुए कहा था, 'उनकी पत्नी कौन है? क्या यह शादी है? यह एक 'नाजायज' रिश्ता है।' इस विवादास्पद टिप्पणी के लिए कल्लायी की खूब निंदा की गई, जिसके बाद उन्हें माफी मांगनी पड़ी।
वहीं, इस मामले में पुलिस ने कहा कि स्थानीय सीपीआई (एम) नेता मुजीब की याचिका के आधार पर मुस्लिम लीग के नेता अब्दुर्रहमान कल्लायी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ 153 ए (विभिन्न समूहों के बीच धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास, भाषा, आदि के आधार पर दुश्मनी को बढ़ावा देना और सद्भाव बनाए रखने के प्रतिकूल कार्य करना) सहित आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
विजयन बोले, मां-बहनों की इज्जत करना सीखें
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सरकार की वक्फ बोर्ड नीति के खिलाफ मुस्लिम लीग के प्रदर्शन के दौरान अपने परिवार को निशाना बनाने पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नेताओं को दूसरों की मां-बहनों की इज्जत करना सीखना चाहिए। उन्होंने रैली के दौरान कथित असामाजिक नारेबाजी और टिप्पणियां करने पर मुस्लिम लीग पर हमला बोला।
रैली में विजयन के पिता को निशाना बनाते हुए कहा गया था कि वह ताड़ का रस निकलते थे और केरल उन्हें दहेज में नहीं दिया गया था। माकपा की बैठक में मुख्यमंत्री ने पूछा कि वक्फ के मामले में उनके स्वर्गवासी पिता को क्यों खींचा जा रहा है? क्या ताड़ से रस निकालना गलत है? जब उनका स्वर्गवास हुआ तो मैं दसवीं कक्षा में था। क्या ताड़ से रस निकालना गलत काम है? उन्होंने राज्य के पीडब्ल्यूडी मंत्री पीए मोहम्मद रियाज से अपनी बेटी वीना की शादी पर ऐतराज जताने की भी आलोचना की।