आईटीबीपी के अधिकारियों ने मानसलू चोटी पर हासिल की फतह
- फोटो : @ITBP_official
जिस ठंड में शरीर गलने लगता है। हड्डियां जवाब देने लगती हैं। खून जम जाता है। जुबान सुन्न पड़ जाती है। उस ठंड को ललकाते हुए इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस के दो अधिकारियों ने नेपाल की मानसलू चोटी पर तिरंगा लहराया है। यह दुनिया की आठवीं सबसे ऊंची चोटी है, जिसकी समुद्र तल से ऊंचाई 8163 मीटर(26781 फीट) है।
फतह हासिल करने वाले दोनों आईटीबीपी के अधिकारियों (कमांडेंट रतन सिंह सोनल और डिप्टी कमांडेंट अनूप कुमार) ने सात सितंबर को अपना अभियान शुरू किया था। इससे पहले भी ये दोनों अधिकारी हिमालय की कई चोटियों पर पहुंचने में सफल हो चुके हैं।
डेयरडेविल्स ऑपरेशन का किया था नेतृत्व
आईटीबीपी के इन अधिकारियों ने कठिन नंदा देवी पर हुए रेस्क्यू ऑपरेशन डेयरडेविल्स का भी नेतृत्व किया था। जुलाई, 2019 में हुए इस ऑपरेशन में चार विदेशी नागरिकों को रेस्क्यू किया गया था। रेस्क्यू टीम ने 20 हजार फीट की ऊंचाई से सात शव भी रिकवर किए थे।
दर्ज हैं अनोखे रिकॉर्ड
भारत-चीन सीमा की सुरक्षा करने वाले इस दल के नाम पर्वतारोहण में कई रिकॉर्ड दर्ज हैं। पिछले कुछ सालों में इस दल ने मांउट एवरेस्ट समेत 220 से अधिक पर्वतारोहण अभियान पूरे किए हैं। यह अपने आप में ही एक रिकॉर्ड है। इसके लिए पूरे दल को सात पद्मश्री और 14 तेनजिंग नोर्गे अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।