किसानों के संगठन संयुक्त किसान मोर्चा ने अब इस्राइल और फिलिस्तीन के बीच चल रहे युद्ध में मोर्चा खोल दिया है। देश के अलग-अलग हिस्सों के किसान और कामगार संगठनों से ताल्लुक रखने वाले संयुक्त किसान मोर्चा ने फिलिस्तीन के किसान संगठन की आवाज पर उनके लिए न्याय की गुहार लगाई है। संयुक्त किसान मोर्चा के प्रवक्ता और केरल के पूर्व विधायक टी कृष्णप्रसाद कहते हैं कि फ़िलिस्तीनी किसान यूनियनों ने अपने देश के किसानों के लिए दुनियाभर के किसान संगठनों से दखल देने की अपील की है। इसी आधार पर संयुक्त किसान मोर्चा ने अपने संगठन के माध्यम से देश के सभी किसान संगठनों से अपील कर फिलिस्तीन के पक्ष में आवाज बुलंद करने को कहा है। वह कहते हैं कि फिलीस्तीन के किसान संगठनों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खासतौर से शांतिप्रिय देश भारत से फिलिस्तीन में इस्राइल की ओर से किए जा रहे युद्ध को समाप्त करने की अपील की है।
संयुक्त किसान मोर्चा के नेता टी कृष्ण प्रसाद कहते हैं कि फिलिस्तीन के किसानों की इस अपील के बाद उनके संगठन समेत देश के कई अन्य किसान संगठन भी राष्ट्रपति को ज्ञापन देंगे। वह कहते हैं कि उनका मोर्चा अपने देश के सभी किसान संगठनों के साथ मिलकर फिलिस्तीन में बच्चों और महिलाओं की मौतों पर देश के राष्ट्रपति को ज्ञापन के माध्यम से उनकी मदद की अपील करेगा। इस संबंध में सोमवार को किसान मोर्चा ने दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की। इस बैठक में इस्राइल और फिलिस्तीन के बीच चल रहे युद्ध में हो रही मौतों पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दबाव बनाने की बात की गई। संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं का कहना है कि इस्राइल और फिलिस्तीन के बीच चल रहे युद्ध को अंतरराष्ट्रीय स्तर का दबाव डालकर तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाना चाहिए।
मोर्चा के प्रवक्ता टी कृष्ण कुमार कहते हैं कि दुनिया भर की प्रमुख एजेंसियों के अनुसार अब तक हजारों लोगों की मौत गाजा पट्टी में हो चुकी है। 14000 से ज्यादा बच्चों को मारा गया है। वह कहते हैं कि न जानें कितने लोग बेघर हो गए हैं। जबकि लाखों लोग अपना घर छोड़कर जा चुके हैं। किसान मोर्चा के नेताओं का कहना है कि उनका संगठन किसानों और दबे कुचलों की आवाज को बुलंद करने के लिए हमेशा से आगे आता रहा है। क्योंकि इस मामले में फिलिस्तीन के किसान संगठनों ने भारत की ओर एक उम्मीद भरी निगाहों से देखा है। इसलिए उनके संगठन की जिम्मेदारियां और बढ़ जाती हैं कि वहां के लोगों की मदद को आगे आया जाए। वह कहते हैं जल्द ही इस मामले में राष्ट्रपति को ज्ञापन दे कर हस्तक्षेप की मांग की जाएगी। संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय से बच्चों और महिलाओं की हुई मौतों के लिए इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर युद्ध अपराधी के रूप में मुकदमा चलाने की भी मांग की है।