आतंकी संगठन आईएसआईएस की कथित भारतीय शाखा जनूद-उल-खलीफा-हिंद ने बॉलीवुड सितारों से फिरौती वसूलने की साजिश रची थी। सूत्रों के मुताबिक, आईएसआईएस इस काम के लिए नक्सलियों से हथियार खरीदने के विकल्प पर भी विचार कर रहा था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आईएसआईएस के दो कथित कमांडरों की गिरफ्तारी से इस साजिश का खुलासा हुआ है। इनके नाम हैं- रिजवान नवाजुद्दीन उर्फ खालिद और मुद्दबीर शेख। इन दोनों को साल की शुरुआत में गिरफ्तार किया गया था। दोनों ने पूछताछ में कई हैरान करने वाले खुलासे किए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि 19 वर्षीय रिजवान ने पूछताछ में बताया कि सितंबर 2015 में बॉलीवुड स्टार को निशाना बनाने के बारे में चर्चा हुई थी। लखनऊ मॉड्यूल की बैठक में इस साजिश पर बात की गई थी। ये लोग अपने प्लान को अमली जामा पहना पाते, इससे पहले ही सुरक्षा एजेंसियों ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस साल की शुरुआत में एनआईए ने छह राज्यों की सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर 23 आईएस समर्थकों को गिरफ्तार किया था।
रिजवान और उसके साथियों ने कथित तौर पर आरएसएस नेता मोहन भागवत, वीएचपी नेता अशोक सिंघल और प्रवीण तोगड़िया पर हमला करने की साजिश बनाई थी। रिजवान के दो अंकल भारतीय सेना में हैं और उनके पिता यूपी के रेवेन्यू विभाग में अधिकारी हैं। इसके साथ ही उनके एक अंकल डीएम हैं।
रिजवान ने कथित तौर पर कबूला कि वह कट्टरवादी सोच की तरफ उस वक्त गया, जब उसने समय बिताने के लिए इंटरनेट का प्रयोग करना शुरू किया। अधिकारियों ने दावा किया है कि आंतकी ग्रुप के इंडियन मॉड्यूल को सबसे पहला फंड हवाला के जरिए छह लाख रुपए का मिला था।