मानवाधिकार कार्यकर्ता इरोम शर्मिला की नवनिर्मित पीपुल्स रीसर्जन्स एंड जस्टिस एलायंस (पीआरजेए) ने पार्टी के चुनाव चिन्ह के तौर पर ‘सीटी’ की मांग करते हुए चुनाव आयोग में आवेदन दायर किया है।
इरोम शर्मिला ने पिछले साल नौ अगस्त को 16 साल बाद अपनी भूख हड़ताल खत्म की थी। पीआरजेए के संयोजक इरेंड्रो ने बताया कि पार्टी ने चुनाव आयोग में आवेदन दायर कर पार्टी चिन्ह के तौर पर ‘सीटी’ की मांग की है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस चिन्ह की ‘स्वीकृति का इंतजार’ कर रही है।
पार्टी चिन्ह दाखिल करने के बाद बुधवार को इंफाल लौटे इरेंड्रो ने कहा कि पार्टी चिन्ह के तौर पर सीटी का चयन करने का मुख्य कारण लोगों को भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए जागरूक करना है।
इस बीच, पार्टी के ‘टेन4चेंज’ अभियान को और तेज कर दिया गया है, जो मुख्य रूप से ‘चंदा जुटाने’ और युवकों से ‘मणिपुर में बदलाव की जरूरत’ पर बातचीत करने से जुड़ा है। इस अभियान में हिस्सा लेने वाले स्वेच्छा से पार्टी फंड में 10 रुपये का दान देते हैं।