भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने अपनी ई कैटरिंग सुविधा को लोकप्रिय बनाने के लिए अब यात्रियों को एक नया ऑफर दिया है। आईआरसीटीसी की नई सुविधा के तहत यात्रियों को अब न्यूनतम 300 रुपये के भोजन का प्री पेड आर्डर देने पर 50 प्रतिशत कैश बैक की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। कैश बैक की सुविधा सिर्फ आईआरसीटीसी के माध्यम से बुक किए गए खाने पर ही मिलेगी।
इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए भोजन का आर्डर आईआरसीटीसी की वेबसाइट या फिर फूड ऑन ट्रैक मोबाइल एप पर देनी होगी। अन्य सभी साइटों, किसी भी विक्रेता या किसी अन्य एप एवं फोन नंबर पर भोजन बुक करने पर इस सुविधा का लाभ नहीं मिलेगा। कैश बैक पर डिलीवरी की तारीख के बाद कार्रवाई की जाएगी। उसका भुगतान उसी खाते के माध्यम से किया जाएगा, जिससे भोजन बुक करने के लिए आर्डर दिया गया होगा।
आईआरसीटीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. एके मनोचा के मुताबिक इस व्यवस्था से ई-कैटरिंग सेवा को काफी प्रोत्साहन मिलेगा। कैश बैक की सुविधा के बारे में कोई भी जानकारी यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट और टोल फ्री नंबर 1323 पर फोन कर प्राप्त कर सकते हैं।