ट्रेन का सफर अब स्वाद से भरपूर होगा। पूड़ी सब्जी, सैंडविच कटलेट और चाय वाले नियमित खाद्यों के अलावा अब यात्री डोसा, उपमा, समोसा, पकौड़े व गुलाब जामुन समेत अन्य व्यंजनों का भी स्वाद ले सकेंगे। शताब्दी, राजधानी, वंदेभारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों में आला कार्ट मन्यू की सुविधा तो पहले से थी ही अब अन्य यात्री ट्रेनों के लिए भी मेन्यू तैयार हो गया है। यही नहीं, आप मोटे अनाज के शौकीन हैं तो रागी का लड्डू, कचौड़ी, रागी का पराठा, डोसा, उपमा भी मिलेगा।
दरअसल, रेलवे ने कोविड काल से बंद हुए आला कार्ट मेन्यू को फिर से ट्रेन में बनाने की अनुमति दे दी थी। लिहाजा इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म काॅरपोरेशन (आईआरसीटीसी) उसका मेन्यू व मूल्य भी तय कर लिया है। आईआरसीटीसी के मेन्यू में मधुमेह रोगियों का भी ध्यान रखा गया है। उनके लिए अलग से सुगर फ्री व्यंजन रखे गए हैं।
ये होंगे दाम
चपाती-10 रुपये, कचौड़ी 10 रुपये, इडली 20, ब्रेड बटर 20, दो समोसा 20, दो दही वड़ा 30 रुपये। इसी तरह ढोकला, डोसा व पोहा 30-30 रुपये, दही चावल, दो पनीर पकोड़ा, पाव-भाजी, वेज नूडल, चीज सैंडवीच 50-50 रुपये, दाल बाटी चूरमा, चिली चिकन, फिश फ्राई, चिकन फ्राइड राइस 100-100 रुपये, जलेबी 60 ग्राम व गुलाब जामुन 20-20 रुपये, वड़ा पाव व झाल-मूढ़ी 30-30 रुपये, लिट्टी चोखा व खिचड़ी 50-50 रुपये, दो रागी का लड्डू 30 रुपये, दो रागी कचौड़ी 30 रुपये।
चाउमीन, मोमोज समेत 70 व्यंजन शामिल
आईआरसीटीसी के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, कुल 70 व्यंजनों का आला कार्ट मेन्यू तैयार किया गया है। इसमें शाकाहारी व मांसाहारी दोनों व्यंजन रहेंगे। बंगाल व बिहार की तरफ चलने वाली ट्रेन में जहां झाल मूढ़ी यात्रियों को दी जाएगी तो दक्षिण भारत में इडली, वडा, डोसा व उपमा। इसी तरह महाराष्ट्र की ट्रेन में भेलपुरी दी जाएगी। उत्तर भारत के अलावा अन्य हिस्सों में चलने वाली ट्रेन में ब्रेड व पनीर पकोड़ा, समोसा, चाउमीन व मोमोज भी दिए जाएंगे। उबली सब्जी व अंडे के साथ ही ओट्स, दूध और कॉर्न फ्लैक्स भी मिलेगा।