प्रवर्तम निदेशालय (ईडी) ने आईएनएक्स मीडिया मामले की जांच कर रहे अधिकारी का तबादला कर दिया गया है। इस अधिकारी का नाम राकेश आहूजा है। उन्हें वापस दिल्ली पुलिस भेज दिया गया है। वह ईडी में सहायक निदेशक के पद पर तैनात थे।
ईडी के अधिकारियोंके अनुसार सीबीआई की पूछताछ पूरी होने के बाद ईडी भी पूर्व वित्त मंत्री को गिरफ्तार करके उनसे पूछताछ करेगी। दोनों ही एजेंजिया आईएनएक्स मीडिया मामले की जांच कर रही हैं। चिदंबरम को सीबीआई ने बुधवार को उनके नई दिल्ली के जोरबाग स्थित सरकारी आवास से गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें रात भर सीबीआई मुख्यालय में रखा गया। उन्हें आज दोपहर दो बजे राउज एवेन्यू में सीबीआई की विशेष अदालत के सामने पेश किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई मुख्यालय के भूतल पर एजेंसी के अतिथि गृह में पी चिदंबरम ने पूरी रात बिताई। उन्हें अतिथि गृह के सुइट नंबर 5 में रखा गया है। अधिकारियों ने कहा कि उच्च सुरक्षा वाले आरोपियों की उचित सुरक्षा और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए उन्हें अतिथि गृह में रखना एजेंसी के लिए सामान्य बात है। सीबीआई अधिकारियों द्वारा पूछे कुछ सवालों के जवाब देने के अलावा अधिकतर समय वह चुप ही रहे। सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि पुलिस उपाधीक्षक आर पार्थसारथी की निगरानी में सुबह 10 बजे से चिदंबरम से पूछताछ जारी है।
कांग्रेस के दिग्गज नेता पी. चिदंबरम की गिरफ्तारी को लेकर केंद्र सरकार का बयान आया है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा है कि न्यायालय कानून के आधार पर अपना फैसला लेगी, अदालत के फैसले में पार्टी या सरकार की कोई भूमिका नहीं है। यह अदालत है, सरकार नहीं है जो यह तय करती हैं कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को कहां रखा जाए।