मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जल्द ही कुशीनगर, जेवर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होंगी। इसके साथ ही फैजाबाद, आजमगढ़, सहारनपुर, मेरठ, बुंदेलखंड समेत कई शहरों में मौजूद हवाई पट्टियों से 72 सीट वाली फ्लाइट की तैयारी चल रही है।
वह बुधवार को गोरखपुर एयरपोर्ट पर नए सिविल टर्मिनल के उद्घाटन से पूर्व आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी का हर शहर वायु सेवा से जोड़ा जाएगा। उड़ानें रेल सफर से सस्ती होंगी। इसे पूरा करने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार प्रयासरत हैं। फेज वन में सिविल एयरपोर्ट को विकसित करने की कोशिश है। दूसरे फेज में एयर रूट और फ्लाइट पर काम होगा। जल्द ही गोरखपुर-इलाहाबाद-वाराणसी के बीच उड़ानें शुरू कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि एक साल में गोरखपुर में तीन फ्लाइट की सुविधा के बीच 50 हजार यात्रियों ने सफर किया है। इसे देखते हुए गोरखपुर एयरपोर्ट से कई फ्लाइट बढ़ाने की संभावनाएं हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हवाई सेवा के साथ ही सड़कों को सुधारने का भी ऐतिहासिक काम हो रहा है। पिछली सरकारों में एक साल में 300 से 500 किलोमीटर सड़कें बनने का औसत था, जबकि भाजपा सरकार 10 हजार किलोमीटर से अधिक सड़क बनवाएगी। इसके तहत बुंदेलखंड से दिल्ली, झांसी को चित्रकूट को जोड़ने और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे में लखनऊ-बलिया-अयोध्या-गोरखपुर को जोड़ने का कार्य प्रारंभ होगा। कार्यक्रम में आभार ज्ञापन गोरखपुर एयरपोर्ट के क्षेत्रीय कार्यपालक निदेशक राकेश कालरा ने किया।
समारोह में सांसद कमलेश पासवान, शिव प्रताप शुक्ल, मेयर डॉ. सत्या पांडेय, विधायक आरएमडी अग्रवाल, विपिन सिंह, संत प्रसाद, पूर्व मेयर अंजू चौधरी, विक्रम चौधरी, सत्येंद्र सिन्हा, जितेंद्र वर्मा पल्लू, एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया के मेंबर प्लानिंग सुधीर रहेजा, जनरल मैनेजर प्लानिंग बीडी गुप्ता आदि मौजूद थे।