भारत की स्कॉर्पीन श्रेणी की तीसरी पनडुब्बी
आईएनएस करंज बुधवार को मुंबई के मझगांव डॉक पर लांच होगी। इस मौके पर नौसेना प्रमुख सुनील लांबा भी मौजूद रहेंगे। करंज मेक इन इंडिया के तहत बनाई गई स्वदेशी
पनडुब्बी है। अपनी अत्याधुनिक तकनीक और सटीक निशाने के दम पर समंदर में यह चीन और पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ा देगी। इससे पहले पहली स्कॉर्पीन श्रेणी की पनडुब्बी आईएनएस कलवरी को 14 दिसंबर, 2017 को और दूसरी पनडुब्बी खांदेरी को 12 जनवरी 2017 को लांच किया गया था।
बेहद ताकतवर है करंज
करंज टारपीडो और एंटी शिप मिसाइल से हमला करती है। रडार की पकड़ में नहीं आती, समंदर से जमीन पर और पानी के अंदर से सतह पर हमला करने में सक्षम है। 67.5 मीटर लंबी, 12.3 मीटर ऊंची और 1565 टन वजन वाली इस पनडुब्बी में ऑक्सीजन भी बनाया जा सकता है। युद्ध की स्थिति में यह दुश्मन के क्षेत्र से चकमा देकर निकलने में सक्षम है।