जननायक जनता दल (जेजेपी) पार्टी के संयोजक और हिसार से सांसद दुष्यंत चौटाला ने रविवार को इंडियन नेशनल लोक दल (आईएनएलडी) पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें पता चला है कि आईएनएलडी ने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा है कि कप और प्लेट में चाय न पिएं। आईएनएलडी ने ऐसा इसलिए कहा है क्योंकि यह जेजेपी समर्थित उम्मीदवार दिग्विजय चौटाला का चुनाव चिन्ह है।
दुष्यंत ने कहा, "आईएनएलडी कार्यकर्ताओं को अब मजबूर किया जा रहा है कि चाय ग्लास में पिएं क्योंकि कप और प्लेट पर पार्टी ने प्रतिबंध लगा दिया है। वह इतने भयभीत हो गए हैं कि उन्होंने हमारे बारे में झूठी खबरें फैलाना शुरू कर दिया है।" ये बात दुष्यंत ने जींद में मीटिंग के दौरान कही। जहां उनका पार्टी में स्वागत पूर्व मंत्री परमानंद के बेटे धर्मपाल तनवर ने किया।
दुष्यंत का कहना है कि उनका मुख्य मुकाबला भाजपा के साथ है न कि किसी और दल के साथ। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी उपचुनाव में भाजपा के कमजोर रुख को बता रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस नेता सुरजेवाला की तुलना चाइनीज लाइट से की और कहा, "बिल्कुल चाइनीज लाइट की तरह जो दिवाली, के दौरान केवल 15 दिनों तक जलती है, सुरजेवाला भी वैसे ही यहां 15 दिनों के लिए आए हैं और फिर वापस कैथल चले जाएंगे।"
दुश्यंत ने कहा कि भाजपा विशेष रूप से उनकी पार्टी को निशाना बना रही है और उनके अभियान को विफल करने की कोशिश कर रही है। उनका कहना है कि उन्होंने चुनाव आयोग और जिला प्रशासन को सराकर के खिलाफ शिकायत कर दी है कि वह आधिकारिक मशीनरी का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो चुनाव के दौरान इस्तेमाल नहीं की जा सकती। हालांकि उन्होंने इसके बाद ये भी कहा कि उनकी सभी शिकायतों को अधिकारी नजरअंदाज कर रहे हैं।