ब्रसेल्स में आतंकी हमले के बाद बंगलूरू का एक इन्फोसिस कर्मी राघवेंद्रन गणेश गायब है। ब्रसेल्स स्थित भारतीय दूतावास जोर-शोर से उसकी तलाश में लगा है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर कहा है कि ब्रसेल्स का भारतीय दूतावास गणेश की खोज में लगा है। उन्होंने कहा, हम गणेश को खोज निकालने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
इन्फोसिस के प्रवक्ता ने कहा है कि हमले के बाद कंपनी ने वहां अपने सभी कर्मचारियों से संपर्क कर उनकी खोज-खबर ली थी। सिर्फ गणेश से बात नहीं हो पाई थी। उसका पता करने की पूरी कोशिश की जा रही है। कंपनी लापता कर्मचारी के परिवार से संपर्क बनाए हुए है।
इसके अलावा भारतीय दूतावास और स्थानीय अधिकारियों से भी संपर्क साधा गया है। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि लापता कर्मचारी को तलाशना कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस बीच, हमले में घायल जेट एयरवेज के दो क्रू सदस्यों की पहचान निधि चापेकर औैर अमित मोटवानी के तौर पर हुई है। सुषमा स्वराज ने जानकारी दी है कि दोनों सुरक्षित हैं और उनके हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। निधि और अमित दोनों मुंबई के हैं। स्वराज ने कहा कि उन्होंने ब्रसेल्स में भारत के राजदूत मंजीव पुरी से बात की है। उन्होंने बताया कि निधि और अमित दोनों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है।
विदेश मंत्री ने कहा कि सरकार वहां से सभी भारतीयों को निकालने के लिए जेट एयरवेज से संपर्क बनाए हुए है। हालांकि हवाईअड्डा अभी नहीं खुला है। इसमें थोड़ा वक्त लग सकता है। ब्रसेल्स एयरपोर्ट जेट एयरवेज की अंतरराष्ट्रीय परिचालनों के लिए यूरोपीय हब का काम करता है। अगले रविवार से इसका हब एम्सटर्डम शिफ्ट हो जाएगा।