देश की पहली महिला प्रधानमंत्री और आयरन लेडी के नाम से मशहूर इंदिरा की 102वीं जयंती है। उनकी स्मृति में स्थापित 'इंदिरा गांधी मेमोरिल ट्रस्ट' हर साल उनके जन्मदिन के मौके पर शांति, समाज सेवा, निरस्त्रीकरण और विकास के क्षेत्र में काम करने वाले किसी व्यक्ति या संगठन को प्रतिष्ठित इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार प्रदान करती है। इस पुरस्कार के लिए इस साल सर डेविड एटनबरो को चुना गया है। इस पुरस्कार के अंतर्गत 25 लाख रुपए नकद, एक ट्रॉफी और प्रशस्तिपत्र प्रदान किया जाता है।
एटनबरो एक मशहूर प्रकृतिवादी और प्रसारक हैं। इंदिरा गांधी स्मारक न्यास की ओर से जारी बयान के अनुसार पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की अध्यक्षता वाले अंतरराष्ट्रीय निर्णायक मंडल ने शांति, निरस्त्रीकरण और विकास के लिए इंदिरा गांधी पुरस्कार के सम्मान हेतु सर एटनबरो का चयन किया है।
बयान में कहा गया है कि प्राकृतिक जगत के लिए कार्यो के चलते कार्य एटनबरो को यह पुरस्कार दिया जा रहा है। एटनबरो लंबे समय से बीबीसी के साथ जुड़े हैं और उन्हें नाइटहुड सहित कई सम्मान मिले हैं।