फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'चेहरा आंसुओं से भीगा हुआ था': ब्लू स्टार के बाद क्या देख इंदिरा टूट गई थीं? सोनिया की किताब में खुलासा

Tue, 10 Nov 2026 07:23 PM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।

सार

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी किताब में खुलासा किया है कि ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद स्वर्ण मंदिर की तबाही की तस्वीरें देखकर तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी रो पड़ी थीं। किन हालात में उन्हें सेना भेजने का फैसला लेना पड़ा था? इस मामले पर सोनिया गांधी ने क्या लिखा है, पढ़िए इस रिपोर्ट में। 
विज्ञापन
सोनिया गांधी - फोटो : इंस्टाग्राम (soniagandhi)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में बताया है कि ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद के हालात की तस्वीरें देखने के बाद इंदिरा गांधी की आंखों में आंसू आ गए थे। जून 1984 में सेना की इस कार्रवाई में स्वर्ण मंदिर को हुए नुकसान और बड़ी संख्या में लोगों की मौत से वह बहुत दुखी थीं।
विज्ञापन


सोनिया गांधी लिखती हैं,'करीब एक हफ्ते बाद खुफिया विभाग के एक अधिकारी ने श्रीमती गांधी को एक फिल्म दिखाई। इसमें कार्रवाई के बाद के दिल दहला देने वाले दृश्य थे। जमीन पर शव पड़े थे। उनमें एक भिंडरावाले का शव भी था, जो भीषण लड़ाई में मारा गया था। किलेबंदी की गई थी और जमीन के नीचे ऐसे जाल बिछाए गए थे, जहां से सैनिकों पर गोलियां चलाई गई थीं। ऊंचे मोर्चों और मजबूत ठिकानों पर भारी हथियार और रॉकेट लॉन्चर अब भी रखे हुए थे।'

वह आगे लिखती हैं, 'जब मेरी सास धीरे-धीरे चल रही उस फिल्म को देख रही थीं, तो मैंने देखा कि उनका चेहरा आंसुओं से भीगा हुआ था। मुझे लगता है कि वे दर्द और पछतावे के आंसू थे। उन्हें इस बात का दुख था कि घेराबंदी का अंत किस तरह हुआ और इसमें इतनी बड़ी संख्या में लोगों की जान चली गई।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: सोनिया की किताब में खुलासा: पहले बेटे की हुई थी मौत, फूट-फूटकर रोए थे राजीव; इंदिरा को रद्द करना पड़ा था दौरा

क्या था ऑपरेशन ब्लू स्टार?
ऑपरेशन ब्लू स्टार जून 1984 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर परिसर से जरनैल सिंह भिंडरावाले और उसके हथियारबंद समर्थकों को बाहर निकालने के लिए शुरू किया गया था। यह अभियान शुरू होने के तीन दिन बाद चार जून को सेना मंदिर परिसर में दाखिल हुई थी।

सोनिया लिखती हैं कि मंदिर परिसर में सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट के मुकाबले कहीं ज्यादा मजबूत किलेबंदी की गई थी। वह लिखती हैं, 'बाद में पता चला कि वहां भारी हथियारों के साथ पूरी तरह किलेबंदी की गई थी। यह सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट से कहीं ज्यादा थी।'

दोनों तरफ के कई लोगों की मौत के बाद भीषण लड़ाई में सेना ने पवित्र मंदिर परिसर पर फिर से नियंत्रण हासिल कर लिया। इस कार्रवाई में मंदिर परिसर को काफी नुकसान पहुंचा और वहां कई चीजें तबाह हो गईं। वह लिखती हैं, 'सिख समुदाय के लिए यह किसी अपवित्र काम से कम नहीं था।'

इंदिरा गांधी सेना भेजने से क्यों हिचक रही थीं?
किताब में बताया गया है कि इंदिरा गांधी सिख समुदाय के साथ अपने करीबी रिश्तों और इस कार्रवाई से उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचने की आशंका के कारण सेना भेजने का आदेश देने से हिचक रही थीं।

सोनिया गांधी लिखती हैं, 'उनकी अपनी भावनाएं उन्हें ऐसा कोई भी कदम उठाने से रोक रही थीं, जिससे सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंच सकती थी। सिख समुदाय के साथ उनका अपना रिश्ता बहुत गहरा और मजबूत था।'

ये भी पढ़ें: सोनिया की किताब में 1984 के दंगों का जिक्र: दिल्ली में कैसे भड़की थी हिंसा? न्याय व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

सेना भेजने का फैसला क्यों लिया गया?
हालांकि, बाद में हालात बदल गए। खुफिया विभाग की रिपोर्ट में कहा गया कि भिंडरावाले और उसके साथी खालिस्तान को एक अलग देश घोषित करने और 15 अगस्त 1984 को स्वर्ण मंदिर पर उसका झंडा फहराने की योजना बना रहे थे।
विज्ञापन


सोनिया लिखती हैं, 'यह देशद्रोह से कम नहीं होता। यह भारतीय संघ के खिलाफ युद्ध छेड़ने जैसा होता और इसके देश के लिए बहुत खतरनाक नतीजे हो सकते थे।' वह आगे लिखती हैं, 'मन न होते हुए भी और यह महसूस करते हुए कि उनके पास कोई दूसरा रास्ता नहीं है, उन्होंने सेना को ऑपरेशन ब्लू स्टार के नाम से कार्रवाई करने का आदेश दिया।'

इंदिरा गांधी की हत्या के बाद हुई हिंसा पर क्या लिखा?
सोनिया ने 31 अक्तूबर 1984 को अपने दो सिख अंगरक्षकों द्वारा इंदिरा गांधी की हत्या के बाद हुई हिंसा के बारे में भी लिखा है। प्रभावित इलाकों के अपने दौरे को याद करते हुए उन्होंने महिलाओं और बच्चों की तकलीफों का जिक्र किया है। उन्होंने उन महिलाओं की गुहार के बारे में भी बताया है, जिनका अपने परिवार के सदस्यों से संपर्क टूट गया था। वह लिखती हैं, '1984 के दंगे हमारे देश के इतिहास का एक दुखद और शर्मनाक अध्याय बने हुए हैं'।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें