हैदराबाद वापस लौटा विमान।
- फोटो : फ्लाइटराडार24
हैदराबाद वापस लौटी फ्लाइट
हैदराबाद से तिरुपति जा रहे स्पाइसजेट एसजी 2696 विमान में तकनीकी खराबी आ गई। यह विमान सुबह 6:10 बजे उड़ना था, लेकिन यह 6:19 पर उड़ा। इसके बाद विमान में तकनीकी खराबी की सूचना मिली। पीआरओ जीएमआर ने बताया कि विमान को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वापस लाया और सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। स्पाइसजेट ने बताया कि 19 जून 2025 को हैदराबाद-तिरुपति उड़ान संचालित करने वाले स्पाइसजेट Q400 विमान में टेक-ऑफ के बाद AFT बैगेज डोर लाइट में रुक-रुक कर रोशनी आई। पूरे समय केबिन में दबाव सामान्य रहा। एहतियात के तौर पर पायलटों ने हैदराबाद लौटने का फैसला किया। विमान सुरक्षित रूप से उतरा और यात्रियों को सामान्य तरीके से विमान से उतारा गया। विमान ने आपातकालीन लैंडिंग नहीं की। तिरुपति की आगे की यात्रा संचालित करने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई है।
सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट के एक इंजन में खराबी
इससे पहले सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट के एक इंजन में मंगलवार को तकनीकी खराबी आ गई थी। इस वजह से कोलकाता के हवाई अड्डे पर विमान के निर्धारित ठहराव के दौरान यात्रियों को नीचे उतारना पड़ा। ड्रीमलाइनर विमान एआई180 समय पर (रात 12.45 बजे) हवाई अड्डे पर पहुंची, लेकिन बाएं इंजन में तकनीकी खराबी के कारण उड़ान में देरी हुई। लगभग सुबह 5.20 बजे विमान से सभी यात्रियों को उतरने के लिए कहा गया। विमान के कैप्टन ने यात्रियों को बताया कि उड़ान सुरक्षा के लिहाज से यह निर्णय लिया गया।
ये भी पढ़ें: नहीं थम रहा एअर इंडिया की उड़ानों के रद्द होने का सिलसिला, आज तीन और अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट कैंसिल
दिल्ली आ रहे एयर इंडिया ड्रीमलाइनर विमान में आई थी खराबी
इससे पहले हांगकांग से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI315 को बीच उड़ान में ही तकनीकी समस्या का संदेह होने के बाद वापस अपने मूल स्थान पर लौटना पड़ा था। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर की ओर से संचालित यह फ्लाइट AI315 हांगकांग से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान का इस्तेमाल भारत में एअर इंडिया की तरफ से किया जा रहा है।