IndiGo: इंडिगो को तुर्किश एयरलाइंस के दो विमान चलाने की मिली मंजूरी, डीजीसीए ने छह महीने की बढ़ाई समय सीमा
Thu, 28 Aug 2025 09:54 PM IST
पवन पांडेय
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई/नई दिल्ली
सार
इंडिगो ने कहा कि वर्तमान भू-राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए, यह विस्तार परिचालन में अत्यंत आवश्यक निरंतरता और स्थिरता प्रदान करता है, जिससे यह अंतर्राष्ट्रीय यात्रा की बढ़ती मांग को बेहतर ढंग से पूरा कर सकेगी। एयरलाइन ने कहा, 'हम विस्तार के हमारे अनुरोध को स्वीकार करने के लिए अधिकारियों के आभारी हैं। हमेशा की तरह, हम अधिकारियों द्वारा निर्धारित विस्तार संबंधी प्रासंगिक नियमों और शर्तों का पूरी तरह से पालन करते रहेंगे।'
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो को अब तुर्किश एयरलाइंस से किराये पर लिए गए दो बड़े विमान (बोइंग 777) और छह महीने तक उड़ाने की इजाजत मिल गई है। यह मंजूरी डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) ने कुछ शर्तों के साथ दी है।
तुर्किश एयरलाइंस से इंडिगो ने डैम्प लीज पर लिए दो विमान
इंडिगो ने तुर्किश एयरलाइंस से 'डैम्प लीज' के तहत दो बोइंग 777-300 ईआर विमान लिए हुए हैं। 'डैम्प लीज' का मतलब है कि विमान एयरलाइन दूसरे देश से किराये पर लेती है लेकिन उसमें ज्यादातर स्टाफ (क्रू) भारतीय कंपनी का होता है, केवल तकनीकी और खास जरूरतों के लिए विदेशी स्टाफ शामिल होता है। ये दोनों विमान फिलहाल दिल्ली और मुंबई से इस्तांबुल के बीच सीधी उड़ानें भर रहे हैं।
विज्ञापन
विवाद और पहले का फैसला
मई 2025 में डीजीसीए ने इंडिगो को कहा था कि तुर्किश एयरलाइंस के विमान इस्तेमाल करने की समय-सीमा केवल 31 अगस्त तक ही बढ़ाई जा रही है और इसके बाद कोई और विस्तार नहीं मिलेगा।
उस समय यह फैसला इसलिए भी चर्चा में रहा क्योंकि तुर्किये ने पाकिस्तान का समर्थन किया था और भारत की ओर से पड़ोसी देश में किए गए आतंकवादी ठिकानों पर हमलों की निंदा की थी।
विस्तार के साथ कुछ शर्तें रहेंगी लागू
हालांकि अब डीजीसीए ने अपने पुराने रुख से अलग हटकर इंडिगो को छह महीने का और विस्तार दे दिया है। सूत्रों ने बताया कि इस मंजूरी के साथ कुछ शर्तें भी लगाई गई हैं। अभी इन शर्तों के बारे में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। न तो डीजीसीए और न ही इंडिगो ने इस पर कोई औपचारिक बयान जारी किया है। वर्तमान लीज 31 अगस्त को खत्म हो रही थी। इस नई मंजूरी के बाद इंडिगो इन दोनों विमानों को अब फरवरी 2026 तक इस्तेमाल कर सकेगी। इस फैसले से इंडिगो को अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों, खासकर इस्तांबुल रूट पर, सुचारू रूप से सेवा जारी रखने में राहत मिलेगी।
यह मंजूरी एक महत्वपूर्ण समय पर मिली है- इंडिगो
वहीं एयरलाइन ने एक बयान में कहा, 'हम नियामक की तरफ से निर्धारित शर्तों के अधीन, तुर्किश एयरलाइंस के साथ इंडिगो की वेट लीज व्यवस्था के विस्तार के अनुरोध को स्वीकार करते हैं। यह मंजूरी एक महत्वपूर्ण समय पर मिली है और भू-राजनीतिक प्रतिबंधों के कारण भारतीय विमानन को होने वाले नुकसान को कम करने में मदद करेगी, और इस्तांबुल और उसके आसपास के स्थानों के लिए निर्बाध, सीधा संपर्क सुनिश्चित करके पीक यात्रा सीजन के दौरान भारतीय यात्रियों को बहुत लाभ पहुंचाएगी।'