indigo flight : महिला ने बच्ची को दिया जन्म
- फोटो : social media
इंडिगो की बंगलूरू-जयपुर उड़ान के दौरान विमान में बुधवार को एक महिला ने बच्ची को जन्म दिया। एयरलाइन ने एक बयान जारी करके यह जानकारी दी। बयान में कहा गया कि बंगलूरू से जयपुर जा रही उड़ान संख्या 6ई 469 में एक बच्ची ने जन्म लिया। इसी विमान में सवार डॉ सुबहाना नजीर और इंडिगो चालक दल ने प्रसव में मां की मदद की और बच्ची का जन्म हुआ।
इस बयान में कहा गया कि जयपुर हवाईअड्डे को चिकित्सक और एंबुलेंस तैयार रखने की सूचना दे दी गई। बयान में बताया गया कि मां और बच्ची दोनों की हालत स्थिर है। विमान ने बुधवार सुबह 5.45 बजे बंगलूरू से उड़ान भरी थी और आठ बजे के आसपास यह जयपुर पहुंचा था।
जयपुर में डॉक्टर सुबहाना नजीर का स्वागत किया गया और इंडिगो स्टाफ की ओर से उन्हें थैंक्यू कार्ड भी दिया गया। ऐसा पहली बार नहीं हुआ जब किसी विमान में महिला ने बच्चे को जन्म दिया हो। इससे पहले भी अक्तूबर 2020 में इंडिगो के विमान में एक महिला बच्चे को जन्म दे चुकी है।