भारत ने बालाकोट में जैश के आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया और पाकिस्तान को खबर भी नहीं लगी। ठीक इसी अंदाज में अमेरिकी सैनिकों ने अलकायदा के खूंखार आतंकी ओसामा बिन लादेन का खात्मा किया था और पाक को भनक तक नहीं हो पाई थी। भारतीय वायुसेना ने पाक के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में स्थित बालाकोट को निशाना बनाया। यह जगह एबटाबाद से महज 60 किलोमीटर दूर है। एबटाबाद में ही अमेरिकी कमांडो ने लादेन को ढेर किया था।
अमेरिकी सैन्य बलों ने 2 मई 2011 को रात करीब एक बजे मिशन ओसामा को अंजाम दिया था। पाकिस्तान को इसकी खबर तब मिली जब ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ के चेयरमैन एडमिरल माइल वुलेन ने फोन कर पाकिस्तान के तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल अशफाक परवेज कियानी को बताया। ठीक उसी तरह भारत ने भी मंगलवार को सुबह तीन बजे बालाकोट में घुसकर जैश के सबसे बड़े आतंकी शिविर को नेस्तानबूद किया। भारतीय कार्रवाई का पता भी पाकिस्तान को तब लगा, जब भारत के मिराज-2000 विमान बम बरसाकर वापस चले गए।