भारत और ब्रिटेन के बीच रक्षा और सुरक्षा से लेकर शिक्षा, इनोवेशन समेत कई क्षेत्रों में दर्जन भर से अधिक समझौते हुए। इनमें उत्तरी आयरलैंड में निर्मित हल्के बहुउद्देश्यीय मिसाइलों की आपूर्ति के लिए 4,159 करोड़ रुपये का अहम समझौता भी शामिल है। साथ ही वायुसेना के प्रशिक्षक ब्रिटेन की रॉयल वायुसेना को प्रशिक्षण देंगे और ब्रिटेन की नौ यूनिवर्सिटी भारत में अपने कैंपस खुलेंगे। इसके अलावा ब्रिटेन संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता के लिए भारत की दावेदारी का समर्थन करेगा।
ये समझौते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर के बीच मुंबई में राजभवन में हुई द्विपक्षीय बैठक के दौरान हुए। इन समझौतों के तहत ब्रिटेन और भारत महत्वपूर्ण खनिज पर सहयोग के लिए एक इंडस्ट्री गिल्ड और आपूर्ति शृंखला बेधशाला की स्थापना की जाएगी। इसका सैटेलाइट कैंपस आईआईटी-आईएसएम धनबाद में होगा। पीएम ने कहा कि रक्षा और सुरक्षा से लेकर शिक्षा और इनोवेशन तक भारत और ब्रिटेन के रिश्तों में नए आयाम गढ़े जा रहे हैं। सतत विकास लक्ष्य के प्रति हमारी साझी प्रतिबद्धता है। हम इस दिशा में भारत-ब्रिटेन अपतटीय पवन कार्यबल के गठन का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि हमने जलवायु प्रौद्योगिकी स्टार्टअप फंड की स्थापना की है। इससे दोनों देशों के जलवायु, प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता में काम कर रहे इनोवेटर्स और उद्यमियों को समर्थन मिलेगा।
नौ यूनिवर्सिटी भारत में खोलेंगी अपना कैंपस
पीएम ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि अब ब्रिटेन की नौ यूनिवर्सिटी भारत में कैंपस खोलने जा रही हैं। साउथेम्प्टन विश्वविद्यालय के गुरुग्राम कैंपस का हाल ही में उद्घाटन हुआ है और छात्रों का पहला समूह प्रवेश भी ले चुका है। साथ ही गिफ्ट सिटी में ब्रिटेन की तीन अन्य यूनिवर्सिटी के कैंपस निर्माण का कार्य प्रगति पर है। वहीं स्टार्मर ने कहा कि अच्छी गुणवत्ता वाली उच्च शिक्षा की मांग बहुत ज्यादा है। मुझे यह घोषणा करते हुए बेहद खुशी हो रही है कि और ब्रिटिश यूनिवर्सिटी भारत में अपने परिसर स्थापित करेंगे। इससे ब्रिटेन भारत में अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा पहुंचाएगा।
ब्रिटिश वायुसेना को देंगे प्रशिक्षण
पीएम ने कहा कि दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग भी बढ़ा है। हम रक्षा सह-उत्पादन की ओर बढ़ रहे हैं। दोनों देशों की रक्षा इंडस्ट्रीज को जोड़ रहे हैं। रक्षा सहयोग को एक कदम आगे बढ़ाते हुए हमने सैन्य प्रशिक्षण में सहयोग पर समझौता किया है। इसके तहत भारतीय वायुसेना के उड़ान प्रशिक्षक ब्रिटेन की रॉयल वायुसेना के साथ प्रशिक्षक के रूप में काम करेंगे।
ब्रिटेन करेगा बहुउद्देश्यीय मिसाइलों की आपूर्ति
ब्रिटेन से जारी एक बयान में कहा गया कि उसने भारतीय सेना को उत्तरी आयरलैंड में निर्मित हल्के बहुउद्देशीय मिसाइलों की आपूर्ति के लिए 4,159 करोड़ रुपये (350 मिलियन पाउंड या 468 मिलियन डॉलर) के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। यह दोनों देशों के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी का एक हिस्सा है।
ब्रिटेन में बनेंगी बॉलीवुड फिल्में
स्टार्मर ने कहा कि एक दिन पहले यशराज स्टूडियो का दौरा किया था। हम ब्रिटेन में बॉलीवुड फिल्में बनाने के लिए एक समझौते की घोषणा कर रहे हैं। भारत की युवा पीढ़ी ही 2047 के उस लक्ष्य को हासिल करने की अगुआई करेगी। उन्होंने कहा कि हम जब भारत से रवाना होंगे तो मुझे उम्मीद है कि हम बड़े नए निवेश हासिल कर लेंगे। इससे हमारे दोनों देशों के लिए भविष्य के क्षेत्रों में हजारों कुशल नौकरियां पैदा होंगी।
प्रौद्योगिकी और नवाचार से जुड़ी डील
- भारत-ब्रिटेन कनेक्टिविटी और नवाचार केंद्र की स्थापना।
- एआई के लिए भारत-ब्रिटेन संयुक्त केंद्र की स्थापना।
- ब्रिटेन-भारत महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति शृंखला वेधशाला के द्वितीय चरण का शुभारंभ तथा आईआईटी-आईएसएम धनबाद में एक नए सैटेलाइट परिसर की स्थापना।
- लचीली आपूर्ति शृखलाओं को सुरक्षित करने और हरित प्रौद्योगिकियों को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण खनिज इंडस्ट्री गिल्ड की स्थापना।
शिक्षा जगत में होंगे बड़े बदलाव
- बंगलूरू में लैंकेस्टर यूनिवर्सिटी का कैंपस खोलने के लिए आशय पत्र सौंपे
- गिफ्ट सिटी में सरे विश्वविद्यालय का परिसर खोलने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी
व्यापार और निवेश
- पुनर्गठित भारत-ब्रिटेन सीईओ फोरम की उद्घाटन बैठक
- भारत-ब्रिटेन संयुक्त आर्थिक व्यापार समिति (जेईटीसीओ) का पुनर्गठन, जो सीईटीए के कार्यान्वयन में सहायता करेगा तथा दोनों देशों में आर्थिक विकास और रोजगार सृजन को बढ़ावा देगा
- जलवायु प्रौद्योगिकी स्टार्टअप फंड में एक नया संयुक्त निवेश, जो जलवायु प्रौद्योगिकी और एआई जैसे क्षेत्रों में नवोन्मेषी उद्यमियों को समर्थन देने के लिए ब्रिटिश सरकार और भारतीय स्टेट बैंक के बीच समझौता ज्ञापन के तहत एक रणनीतिक पहल है
जलवायु, स्वास्थ्य और अनुसंधान
- जैव-चिकित्सा अनुसंधान कैरियर कार्यक्रम के तीसरे चरण का शुभारंभ
- अपतटीय पवन कार्यबल की स्थापना।
- स्वास्थ्य अनुसंधान पर आईसीएमआर और एनआईएचआर, यूनाइटेड किंगडम के बीच आशय पत्र (एलओआई)