सुषमा ने केरी को दे दी थी भावी कार्रवाई की जानकारी
उड़ी आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए सर्जिकल अटैक की तैयारी की जानकारी भारत ने अमेरिका सहित कई महत्वपूर्ण देशों को पहले ही दे दी थी। ऑपरेशन को अंजाम देने से ठीक एक दिन पहले विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की अपने अमेरिकी समकक्ष जॉन केरी से लंबी बात हुई थी।
इस दौरान सुषमा ने केरी को भारत के भावी रुख से अवगत करा दिया था। इसके अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल भी इस कार्रवाई से पहले कई देशों के संपर्क में थे। डोभाल ने भी अपनी अमेरिकी समकक्ष सुसैन राइस को भारत के भावी रुख से अवगत करा दिया।
इस दौरान पाकिस्तान के मित्र देशों से विशेष रूप से कूटनीतिक संपर्क साधा गया था। हालांकि इस दौरान यह जानकारी नहीं दी गई थी कि सर्जिकल अटैक कब और कहां किए जाने का इरादा है।