India's Defence Sector Transformed: राजनाथ सिंह ने कहा, 'आज भारत 100 से ज्यादा देशों को रक्षा उत्पाद निर्यात कर रहा है। हमारे रक्षा कॉरिडोर में भारी निवेश हो रहा है और सेना का आधुनिकीकरण तेजी से हो रहा है।'
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साहसी और दूरदर्शी नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में भारत का रक्षा क्षेत्र एक बड़ी परिवर्तन से गुजरा है। अब भारत एक आयात-आधारित देश से बदलकर एक विश्वसनीय वैश्विक निर्यातक बन गया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह 11 साल भारत की ताकत, आत्मनिर्भरता और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में उठाए गए मजबूत कदमों का प्रतीक हैं।
2024-25 में 23,622 करोड़ रुपये हुआ रक्षा निर्यात
राजनाथ सिंह ने बताया कि 2014-15 में जहां रक्षा निर्यात सिर्फ 1,940 करोड़ रुपये था, वहीं 2024-25 में यह बढ़कर 23,622 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ जैसे अभियानों की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि इस दौरान भारत ने अपने पहले स्वदेशी एयरक्राफ्ट कैरियर आईएनएस विक्रांत, मल्टी-रोल कॉम्बैट हेलिकॉप्टर एलसीएच प्रचंड, तेजस फाइटर जेट, ब्रह्मोस मिसाइल जैसे महत्वपूर्ण हथियार सिस्टम खुद बनाए हैं।
विज्ञापन
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक अन्य पोस्ट में उन्होंने एक वीडियो भी साझा किया जिसमें ऑपरेशन सिंदूर, विभिन्न सैन्य अभ्यास, पूर्वोत्तर में उग्रवाद में कमी और सशस्त्र बलों में नारी शक्ति को दिखाया गया है।
राजनाथ सिंह ने कहा, 'रक्षा शक्ति के 11 वर्ष के दौरान, भारत की रक्षा क्षमताएं पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुई हैं। हमारे पास अब स्वदेशी हथियार, आधुनिक सेनाएं, सुरक्षित सीमाएं और दुनिया का विश्वास है। यह आत्मनिर्भर भारत की ओर एक गर्वित कदम है।'